उज्जैन। मुख्यमंत्री मोहन यादव शनिवार को उज्जैन के दौरे पर रहें। जहां वह होली मिलन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान सीएम ने सिंहस्थ क्षेत्र में आने वाले विभिन्न वार्डों में होने वाले 478 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज कार्यों के निर्माण का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में सांसद अनिल फिरोजिया, नगर निगम सभापति कलावती यादव सहित बड़ी संख्या में नागरिक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सीएम ने उज्जैन के लिए बड़ा ऐलान भी किया है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने घोषणा की कि उज्जैन को चिड़ियाघर की सौगात मिलेगी। साथ ही प्रदेश के सभी संभागों में जू और वन्यप्राणी रेस्क्यू सेंटर खोलने की योजना पर भी काम हो रहा है।
उज्जैन के औद्योगिक क्षेत्र में विश्व स्तरीय पेप्सीको कंपनी द्वारा फैक्ट्री स्थापित की जा रही है। जहां आलू के चिप्स बनाए जाएंगे। उन्होंने सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को लेकर भी जानकारी दी और कहा कि इसके लिए विभिन्न विभागों द्वारा 2329 करोड़ रुपये के कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि उज्जैन-बदनावर और उज्जैन-जावरा रोड का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही मेडिकल सिटी में मेडिकल कॉलेज सहित अन्य विकास कार्य भी जारी हैं। सीएम ने ने कालिदास अकादमी परिसर में नागरिकों के साथ फूलों की होली खेली और सभी को होली की शुभकामनाएं दी। इस दौरान उन्होंने पुष्प वर्षा कर उत्सव में भाग लिया।
जून 2027 तक सिंहस्थ की सभी तैयारियां कर ली जाएंगी पूरी
बता दें कि सिंहस्थ 2028 की सभी तैयारियां जून 2027 तक पूरी कर ली जाएंगी और इसे भव्य रूप से आयोजित करना सभी की जिम्मेदारी है। बताया जाता है कि जल्द ही उज्जैन में जल संसाधन विभाग 2533 करोड़ के तीन कार्य, ऊर्जा विभाग 329 करोड़ के छह कार्य, सड़क निर्माण 9650 करोड़ की दो लेन और फोर-लेन सड़कें, पर्यटन विकास 382 करोड़ के कार्य, संस्कृति विभाग 259 करोड़ की परियोजनाएं और औद्योगिक क्षेत्र में 5000 करोड़ के कार्य होंगे।