30.1 C
Bhopal

राजा की कातिल सोनम को लेकर पुलिस शिलांग रवाना, आरोपियों ने पूछताछ में जो खुलासा किया बेहद खौफनाक, जेठानियों ने भी सोनम के खोले राज

प्रमुख खबरे

शिलांग। इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड की मास्टरमाइंड आरोपी सोनम रघुवंशी को मेघालय पुलिस शिलांग ले जा रही है। उसे गाजीपुर से पटना के फुलवारी शरीफ पुलिस स्टेशन ले जाया गया। इन सबके बीच राजा की हत्या की मामले में एक के बाद एक बड़ खुलासे हो रहे हैं। इंदौर पुलिस सूत्रों के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने जो कहानी बताई है वह बेहद खौफनाक है। इसमें पता चलता है कि सोनम ने कितनी साजिश के साथ राजा की हत्या की योजना बनाई थी। इसके अलावा सोनम की जेठानी ने भी बड़ा खुलासा किया है।

दरअसल, पुलिस ने राजा रघुवंशी की हत्या मामले में सोनम सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। राजा की हत्या पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा में हनीमून के दौरान की गई थी। सोनम के सामने ही हत्यारों ने राजा की सोहरा स्थित बंद पार्किंग यार्ड में धारदार हथियार से हत्या की। इसके बाद राजा के शव को खाई में फेंक दिया। शव ठिकाने लगाने के बाद तीनों हत्यारे अलग हो गए। साजिश को अंजाम देने के लिए सोनम और राज ने शिलांग को ठिकाना चुना। इसी के तहत सोनम ने राजा को हनीमून के लिए शिलांग जाने के लिए मनाया।

वहीं इंदौर पुलिस की मानें तो सोनम और राज के बीच पांच महीने से प्रेम प्रसंग चल रहा था। राज ने कबूल किया कि सोनम से अफेयर 4 से 5 माह का था। पिता के हार्ट पेशेंट होने से सोनम लव मैरिज नहीं कर पा रही थी। पिता समाज में शादी करना चाहते थे इसलिए उसने राजा से शादी को हां कर ली थी। उसने पहले ही तय कर लिया था कि शादी के बाद राजा को मारकर राज के साथ रहने लगेगी। सोनम ने राज से कहा था कि जब मैं विधवा हो जाऊंगी, फिर तुम मुझसे शादी कर लेना। तब मेरे परिवार वाले भी हमारी शादी के लिए मान जाएंगे। प्रेमी राज को जब सोनम ने 22 मई को शिलांग के लिए निकलने की बात कही तो राज ने आरोपियों के टिकट कराए, लेकिन ऐनवक्त पर खुद ने जाने से मना कर दिया। राज इंदौर से ही तीनों को डायरेक्शन देता रहा। वह यहां पर राजा के अंतिम संस्कार में भी शामिल हुआ ताकि किसी को कोई शक न हो।

ऐन मौके पर हनीमून प्लान बदला
वहीं सोनम की दोनों जेठानियों ने वो तमाम बातें बताई जो यह बताने के लिए काफी है कि इसकी प्लानिंग सोनम ने पहले से कर रखी थी। सोनम की बड़ी जेठानी, विपिन रघुवंशी की पत्नी बताती हैं कि सोनम ने ऐन मौके पर हनीमून प्लान बदला। शादी के बाद सोनम सिर्फ चार दिन ससुराल में रही।15 मई को विदाई हुई, और 19 मई तक घर में रही। 20 मई को वह मायके से शिलांग चली गई।जेठानी के मुताबिक, वो खुद हनीमून अपने घर से गई थी, राजा अलग से अपने घर से निकला।जेठ का महीना चल रहा था, इसलिए ससुराल में ठहराव नहीं हुआ।प्लान था कि अमावस्या के बाद लेकर आते और फिर घूमने जाते, लेकिन सोनम ने अचानक हनीमून की योजना बदल दी।

अगर प्रेमी के साथ चली जाती, तब भी एतराज नहीं होता
राजा के बड़े भाई विपिन रघुवंशी की पत्नी बताती हैं कि जब हमने सुना कि सोनम ने इस तरह की साजिश रची है, तो हमारे हाथ-पांव ठंडे पड़ गए।हमने तो उसे बेटी की तरह अपनाया था।अगर उसे प्रेमी से ही शादी करनी थी, या उसके साथ ही जाना था, तो हम मना नहीं करते।हम लोग उसके घर भी मिलने गए थे।दोनों का रिश्ता घरवालों की मर्जी से हुआ था।हमारे घर में सब ठीक चल रहा था। छोटी जेठानी कहती हैं कि बड़ी चेन थी, मोटी अंगूठी थी।राजा ने रास्ते से मां को बताया था कि सोनम के कहने पर वो इन सामान को लेकर गया हूं। अब ये सब सुनकर हमें शक होता है कि शायद ये सब उसी योजना का हिस्सा था।

सिर्फ मम्मी से बात करती थी, बाकी परिवार से दूरी बनाए रखती थी
सोनम की छोटी जेठानी बताती हैं कि सोनम घर में मेरे से ज्यादा बात नहीं करती थी, सिर्फ अपनी सास यानी राजा की मां से बात करती थी।हमसे खास बातचीत नहीं करती थी।वो शांत रहती थी, लेकिन व्यवहार से कभी ऐसा नहीं लगा कि वो इस तरह का कदम उठा सकती है।बड़ी भाभी ने कहा कि अगर वो इसमें शामिल हैं, तो उसे भी कड़ी सजा मिलनी चाहिए।वो किसी मासूम सी लड़की का मुखौटा पहनकर आई थी, लेकिन अंदर से बहुत कुछ और थी।

टिकट, तारीख और जगह, सब कुछ सोनम ने ही तय किया
परिवार का दावा है कि हनीमून का सारा प्लान सोनम ने खुद बनाया।टिकट उसने करवाई, जगह उसने चुनी, तारीख उसने तय की,और राजा को इसकी जानकारी आखिरी दो दिन में ही दी गई।राजा को रविवार की सुबह तक नहीं पता था कि वो हनीमून पर शिलांग जा रहे हैं।रविवार की शाम को सोनम ने बताया कि मंगलवार को निकलना है।सोमवार को दोनों ने साथ में शॉपिंग भी की। इसके बाद मंगलवार को दोनों शिलांग रवाना हो गए।परिवार को यह भी जानकारी है कि सोने की चेन और अंगूठी भी सोनम के कहने पर ही साथ ली गई।सोनम ने खुद फोन करकहा कि सोने की चेन और अंगूठी पहनकर आना।

कौन-कौन पुलिस की गिरफ्त में आए?
मामले में मेघालय पुलिस ने सोमवार दोपहर को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान ईस्ट खासी हिल्स के पुलिस अधीक्षक विवेक सिम ने कहा कि गिरफ्तार किया गया पहला व्यक्ति ललितपुर का 19 वर्षीय आकाश राजपूत है। दूसरा आरोपी विशाल सिंह चौहान (उम्र 22 वर्ष) इंदौर का है। तीसरा राज सिंह कुशवाहा (उम्र 21 वर्ष) इंदौर का है। कल सोनम रघुवंशी गाजीपुर में थी। आज दोपहर हमने सागर जिले से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया। नंदगढ़ थाने में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। तीसरी टीम सोनम रघुवंशी को गिरफ्तार करने के लिए जा रही है। इन लोगों ने 23 मई को वारदात को अंजाम दिया और तुरंत भाग निकले। उस समय हमें नहीं पता था कि यह एक हत्या है। हम उनकी तलाश कर रहे थे। हमने गुमशुदगी की रिपोर्ट देखी, लेकिन कोई नहीं मिला। शव 2 जून को ही मिला, जिसके बाद एसआईटी का गठन किया गया और जांच शुरू हुई। इन 7 दिनों में एसआईटी ने पर्याप्त सबूत जुटाए। राजा के सिर पर धारदार हथियार से वार के दो निशान थे। सोनम मुख्य आरोपियों में से एक है। शुरूआती जांच के मुताबिक, दूसरे आरोपियों ने हत्या को अंजाम दिया, लेकिन हत्या की साजिश रचने में सोनम की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता। आखिर सोनम भी इतने दिनों तक अंडरग्राउंड थी। अभी यह कहना मुश्किल है कि हत्या का मकसद क्या था, लेकिन अगर हम सभी तारों को जोड़ते हैं तो पता चलता है कि राज कुशवाहा और सोनम की इसमें मिलीभगत रही होगी। राज कुशवाहा यहां नहीं था, लेकिन वह अन्य तीन आरोपियों के संपर्क में था।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे