22.5 C
Bhopal

अब दिल्ली वाले आप-दा नहीं सहेंगे, आप पर फिर बरसे पीएम मोदी, बोले- इन्होंने हर मौसम को बना दिया आपदाकाल

प्रमुख खबरे

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान तो अभी नहीं हुआ है, लेकिन भाजपा को जीत की दहलीज तक पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मोर्चा संभाल लिया है। इसी क्रम में पीएम मोदी आज रविवार को दिल्ली के अशोक विहार और रोहिणी में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने एक बार फिर आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल पर जमकर हमला बोला। पीएम ने दिल्ली की आप सरकार को एक बार फिर आपदा सरकार बताया। वहीं उन्होंने आप को कट्टर बेईमान भी कहा।

पीएम ने कहा कि जब दिल्ली के लोग कोरोनो से जूझ रहे थे, जब दिल्ली के लोग आॅक्सीजन और दवाओं के लिए भटक रहे थे। तब इन लोगों का पूरा फोकस अपना शीश महल बनवाने पर था। इन्होंने शीश महल का भारी भरकम बजट बनाया। यही इनकी सच्चाई है। इन्हें दिल्ली के लोगों की कोई परवाह नहीं है। इसलिए आज हर दिल्लीवासी कह रहा है। आप-दा नहीं सहेंगे, बदल कर रहेंगे। मोदी ने केजरीवाल को शराब घोटाले, स्कूल घोटाले जैसे मुद्दों पर घेरा। पीएम ने कहा- दिल्ली की आपदा सरकार के पास न कोई विजन है, न दिल्ली वालों की परवाह है। इन्होंने हर मौसम का आपदाकाल बना दिया। जब काला चिठ्ठा सबके सामने उजागर किया तो मुझ पर भड़कने लगे।

भाजपा ही कर सकती है दिल्ली का विकास
पीएम मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि ये भाजपा ही है जो दिल्ली का विकास कर सकती है। बीते 10 साल में दिल्ली ने जिस तरह की राज्य सरकार देखी है। वो किसी आपदा से कम नहीं है। ये अहसास आज दिल्लीवालों को अच्छे से हो चुका है। अब दिल्ली में एक ही आवाज गूंज रही है। आपदा नहीं सहेंगे, बदलकर रहेंगे। अब दिल्ली विकास की धारा चाहती है। मुझे खुशी है कि दिल्ली का विश्वास भाजपा पर है। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि दिल्ली विधानसभा में भी कमल खिलने वाला है। मैं दिल्ली भाजपा के सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं से कहूंगा कि पूरी निष्ठा के साथ दिल्ली के हर कार्यकर्ता से मिलिए, उन्हें आने वर्षों के लिए भाजपा के संकल्प से परिचित कराइए। ये भाजपा ही है, जो दिल्ली को, दुनिया की बेहतरीन राजधानी का गौरव दिला सकती है। हम दिल्ली को दुनिया की ऐसी राजधानी बनाना चाहते हैं जिसमें भारत की विरासत का विराट स्वरूप दिखे। नई वैश्विक व्यवस्थाओं का सेंटर हो। ये तब ही हो सकता है जब केंद्र और राज्य, दोनों में भाजपा सरकार काम करे।

आपदावालों की नीयत और निष्ठा पर ही सवाल
पीएम ने कहा कि आपदावालों की नीयत और निष्ठा पर ही सवाल है। जनलोकपाल के मुद्दे पर इस पार्टी का जन्म दिया, भ्रष्टाचार हटाना उनका मुख्य मुद्दा था। इस पार्टी के ज्यादातर नेताओं पर करोड़ों के भ्रष्टाचार के मुकदमे हैं। शराब घोटाला, स्कूल घोटाला, गरीबों के इलाज के नाम पर किसने जनता के पैसे लूटे, प्रदूषण से लड़ाई के नाम पर किसने करोड़ों का खेल किया… आपदा वालों ने। इनका मूल एजेंडा यही था। अनैतिकता के जरिए कारनामें करने वाले दिल्ली में आपदा लाकर तबाही की ओर ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आपदा सरकार को दिल्ली की चिंता नहीं है। दिल्ली के विकास की चिंता नहीं है। इसलिए आज हर दिल्लीवाला कह रहा है कि आपदा नहीं सहेंगे। बदलकर रहेंगे। ये सिर्फ झूठा आरोप लगाते हैं। शीशमहल इनके झूठ का उदाहरण है। कोविड के वक्त ये शीशमहल बनवा रहे थे। आज लोग इन्हें आपदा कहते हैं। ये मुझ पर भड़क रहे हैं। देखिए दिल्ली का क्या हाल बना रखा है। गर्मी आती है तो पीने के पानी के लिए मारामारी, बरसात आती है तो जलभराव, सर्दी आती है तो प्रदूषित हवा में सांस लेना मुश्किल। दिल्ली के लिए इन लोगों ने हर सीजन, हर मौसम आपदा काल बना दिया है।

दिल वालों की दिल्ली का उत्साह-हौसला अद्भुत
पीएम ने कहा- दिल वालों की दिल्ली का ये उत्साह ये उमंग, ये हौसला वाकई अद्भुत है। आप सभी का अभिनंदन। हम 2025 में हैं। यानी एक चौथाई सदी गुजर गई है। इस दौरान दिल्ली में नवजवानों की 2 या 3 पीढ़ी जवान हो चुकी हैं। आने वाले 25 साल भारत के भविष्य के लिए दिल्ली के भविष्य के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण हैं। ये 25 साल भारत को विकसित राष्ट्र बनते हुए देखेंगे। अपनी आंखों के सामने, विकसित भारत की ये यात्रा हम देख पाएंगे। हम उसके भागीदार होंगे। ये भारत को आधुनिकता के एक नए दौर से गुजरते हुए देखेंगे। विकसित भारत के इस सफर का एक बहुत बड़ा पड़ाव जल्द ही आने वाला है। जब भारत दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक ताकत बनेगा।

उम्मीदवारों को दी सलाह
पीएम ने कहा कि दिल्ली में भाजपा ने अपने बेहतरीन उम्मीदवार उतारे हैं। मैं सभी उम्मीदवारों से कहूंगा कि दिल्ली का दिल जीतने का सबसे स्वर्णिम अवसर है। जुड़ जाइए और खूब मेहनत कीजिए और दिल्ली को आपदा से मुक्ति दिलाइए। अपनी दिल्ली को दुनिया के कई शहरों में से एक बनाना हमारा संकल्प है। दिल्ली गरीब और मिडिलक्लास के सपनों को पूरा करने वाला शहर बनेगा। नौजवानों के लिए नए भविष्य के निर्माण का शहर बनेगा। स्पोर्ट्स से लेकर स्टार्टअप तक नौजवानों के लिए खुला मैदान और अवसरों का असीम आसमान हो, इसके लिए भाजपा समर्पण के साथ काम करने में जुटी है।

एक दशक में दिल्ली-एनसीआर में मेट्रो का नेटवर्क दो गुना हुआ
पीएम ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने दिल्ली की सुरक्षा के लिए, स्वास्थ्य के लिए, विकासकार्यों के लिए 75 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा दिए हैं। हम दिल्ली को दुनिया की ऐसी राजधानी बनाना चाहते हैं, जिसमें भारत की विरासत का विराट स्वरूप दिखे। दिल्ली को ऐसे विकास की जरूरत है, जो दुनिया के लिए अर्बन डेवलपमेंट का मॉडल बने। ये तभी हो सकता है, जब दिल्ली में केंद्र और राज्य दोनों में भाजपा सरकार काम करे। उन्होंने कहा कि आज भी दिल्ली को आधुनिक बनाने के जितने भी काम हैं, वो केंद्र की भाजपा सरकार ही कर रही है। दिल्ली में जो बड़े-बड़े प्रोजेक्ट, संस्थान और संस्थाएं हैं, उनका जिम्मा केंद्र सरकार के पास है। जैसे दिल्ली मेट्रो चप्पे-चप्पे तक पहुंची तो ये काम केंद्र सरकार ने किया। बीते एक दशक में दिल्ली एनसीआर में मेट्रो नेटवर्क दोगुने से भी ज्यादा हो चुका है। आज जनकपुरी और कृष्णापार्क के लिए भी मेट्रो शुरू हो चुकी है। रिठाला, नरेला, कोंडली कॉरिडोर पर भी काम शुरू हुआ। नमो रेल प्रोजेक्ट केंद्र सरकार बना रही है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे