भोपाल। बिहार दिवस के मौके पर रविवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में स्नेह मिलन सम्मेलन आयोजित किया गया। जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए सीएम मोहन ने कहा कि बिहार के क्रांतिकारी कुंवर सिंह के संबंध उज्जैन से जुड़ते है। भोजपुरी का संबंध राजा भोज से है। इस दौरान सीएम ने यह भी दावा किया की बिहार में एक बार फिर एनडीए की प्रचंड जीत होगी। वही विपक्ष पर भी जोरदार प्रहार किया। बता दें कि बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होना है।
स्नेह मिलन सम्मेलन को संबोधित करते हुए सीएम ने बिहारियों से अपील की करते हुए कहा कि अन्याय के खिलाफ इस युद्ध में भाजपा का साथ दें। उन्होंने कहा कि बिहार की धरती विशेष महत्व रखती है और वहां परमात्मा की कृपा है। उन्होंने बताया कि बिहार का नाम भगवान के नाम पर पड़ा है और यह राज्य एकमात्र ऐसा राज्य है जिसका नाम भगवान के नाम पर रखा गया। 1912 में बिहार का नामकरण हुआ, जो भगवान बाके बिहारी के नाम पर हुआ था।
पूर्व राष्ट्रपति के सम्मान में बनवाई जाएगी प्रतिमा
इस देश मे बिहार छोड़कर जितने भी राज्य है एक भी राज्य भगवान के नाम पर नहीं है। अशोक जब सम्राट बने उसके पहले हमारे उज्जैन में गवर्नर थे। शिक्षा के क्षेत्र में एमपी और बिहार की अलग महत्ता है। दुनियां के राजकुमार शिक्षा ग्रहण करने नालंदा तक्षशिला आते थे। भोजपुरी भाषा राजा भोज से जुड़ती है। वहीं, सीएम ने यह भी घोषणा की कि पूर्व राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद के सम्मान में पार्क और प्रतिमा बनाई जाएगी।
सोमनाथ मंदिर के उद्घाटन में हिस्सा नहीं लिया नेहरू ने
सीएम ने कहा कि सोमनाथ मंदिर बनकर तैयार हुआ, उसके उदघाटन के लिए तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को बुलाया था, लेकिन नेहरू ने इसका विरोध किया था और सोमनाथ के उद्घाटन में हिस्सा नहीं लिया। कांग्रेस के लोग वोट के चश्में के बाहर नहीं देखते। उस समय डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि मैं आउंगा। यह देश के राजनेता होते हैं।
विपक्ष पर जमकर साधा निशाना
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में हमने अच्छे गांव का नाम वृंदावन करने की घोषणा की है, जो सभी प्रकार से समर्थ हो, गांव में सुशासन हो, आपस में भाईचारा हो और एक दूसरे को लेकर चलने की भावना हो। शासन की योजनाओं का ठीक से क्रियान्वयन हो। इसके अलावा एक और बात जिसके घर गाय वो गोपाल होगा। उन्होंने आरजेडी चीफ लालू प्रसाद यादव का नाम लिए उन पर निशाना साधा और कहा कि उनके परिवार में मुख्यमंत्री,उपमुख्यमंत्री हो गए।
भाजपा ने एक यदुवंशी को सीएम बनाया
भाजपा ने एक यदुवंशी को मुख्यमंत्री बनाया तो वह यह सब कर रहा है। भगवान कृष्ण के नाम पर ही हमारी संस्कृति है। उनसे पूछना चाहिए कि उन्होंने क्या किया? उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके साथ ही पार्टियों ने भगवान राम और भगवान कृष्ण के मार्ग को रोकने का काम किया है। उन्होंने कहा कि लालकृष्ण आडवाणी का रथ किसने रोका? जो राम के लिए काम नहीं करता, वह किसी काम का नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार की जनता को विपक्ष से यह सवाल करना चाहिए।
बिहार ने देशको लोकतंत्र दिया है
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि बिहार का हर व्यक्ति, चाहे वह दुनिया के किसी कोने में क्यों न हो, सफलता प्राप्त करता है। उन्होंने बिहार की अहम भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार ने देश को लोकतंत्र दिया है और कांग्रेस जैसे दलों को जवाब दिया है। “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के संकल्प का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि बिहारी प्रदेश की बड़ी ताकत हैं, और बिहारी जान दे सकता है, लेकिन धोखा नहीं देता। उन्होंने कहा कि 25 राज्यों में 75 कार्यक्रम हो रहे हैं, और बिहार में सरकार बनाने में हर व्यक्ति की भूमिका होगी।