मध्यप्रदेश लोकसेवा आयोग का राज्य में बंपर भर्ती अभियान चल रहा है। एमपीपीएससी के अध्यक्ष डॉ. राजेश लाल मेहरा के मुताबिक दिसम्बर 2023 से अब तक 3756 उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए संबंधित विभागों को अनुशंसा पत्र भेजे गए हैं।
4492 पदों के लिए 75 विज्ञापन जारी कर ये उम्मीदवार चुने गए थे। डॉ. राजेश लाल मेहरा के अनुसार एमपीपीएससी के माध्यम से आगामी महीनों में 5562 पद भरे जाएंगे। इसके लिए आयोग ने 81 भर्ती विज्ञापन जारी किए हैं। 5317 पदों के लिए एमपीपीएससी की 61 भर्ती प्रक्रियाएं अभी चल रहीं हैं। खास बात यह है कि आयोग ने प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यकाल में 3756 पदों पर भर्ती की है।
मध्यप्रदेश लोकसेवा आयोग वार्षिक परीक्षा कैलेंडर का पालन करते हुए भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने की कवायद में जुटा है। मध्यप्रदेश शासन एवं उच्च न्यायालय के कुल विज्ञापित पदों में से 87 प्रतिशत पदों के परिणाम घोषित करने के निर्देशों का पालन करते हुए भर्ती की जा रही है।
72 डिप्टी कलेक्टर एवं 51 उप पुलिस अधीक्षक पदों के लिए रिकमंडेशन भेजी
आयोग के सचिव प्रबल सिपाहा ने बताया कि इस अवधि में 3 राज्य सेवा परीक्षाओं- 2019, 2021, 2022 के लिए 1109 पदों और 3 राज्य वन सेवा परीक्षाओं में 200 पदों के लिए अंतिम परिणाम घोषित किए गए। संबंधित विभागों को तुरंत रिकमंडेशन भेजी गईं जिससे चयनित उम्मीदवार शीघ्र कार्यभार ग्रहण कर सके। इस अवधि में प्रदेश के सामान्य प्रशासन विभाग एवं गृह विभाग को क्रमश: 72 डिप्टी कलेक्टर एवं 51 उप पुलिस अधीक्षक के पदों के लिए रिकमंडेशन भेजी गईं।
स्कूल शिक्षा विभाग में सहायक संचालक के 132 पदों तथा मप्र वित्त सेवा के 22 पदों के लिए भी संस्तुतियां की गईं। राज्य वन सेवा परीक्षा के अंतर्गत सहायक वन संरक्षक के 19 तथा वन क्षेत्रपाल एवं परियोजना क्षेत्र अधिकारी के 181 पदों के लिए वन विभाग को अनुशंसा पत्र भेजे गए। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में रेडियोलॉजी विशेषज्ञ के 7 पदों के लिए अनुशंसा भेजी।
आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी के 543 पदों के लिए अनुशंसा
एमपीपीएससी ने आयुष विभाग के लिए 17 विषयों में आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी के 543 तथा आयुष व्याख्याता के 71 पदों के लिए अनुशंसा की। उच्च शिक्षा विभाग को सहायक प्राध्यापक परीक्षा 2022 के अंतर्गत 25 विषयों के 727 पदों के लिए अनुशंसा की।