भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का सोमवार को पहला दिन था। सत्र की शुरूआत पूर्व जनप्रतिनिधियों और अन्य प्रमुख हस्तियों को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने पूर्व विधायक राजा सुरेंद्र बहादुर सिंह, रघुनाथ चौधरी, शंकर लाल मुन्नाखेड़ी, सरदार सुखदेव सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, अभिनेता मनोज कुमार और लोक कलाकार रामसहाय पांडे, पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए पर्यटकों और अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान हादसे में मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद सदन की कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।
वहीं सत्र के पहले दिन ओबीसी आरक्षण को लेकर कांग्रेस विधायकों ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए गांधी प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान उनके हाथों में तख्तियां और खिलौने वाले गिरगिट थे। कांग्रेस विधायकों का कहना था कि सरकार ओबीसी को 27 फीसदी आरक्षण नहीं देना चाहती। वह बार-बार गिरगिट की तरह रंग बदल रही है। विपक्ष ने कहा कि 13 फीसदी आरक्षण पर रोक ओबीसी वर्ग के साथ अन्याय है।
ओबीसी को हक नहीं देना चाहती भाजपा: सिंघार का आरोप
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने विधानसभा में नारेबाजी पर रोक लगाने को लेकर कहा कि जो परंपराएं हैं, वो सत्र में देखने को मिलेगी। भाजपा ओबीसी का वोट चाहती है, लेकिन हक देना नहीं चाहती है। प्रदेश में किसानों को हक नहीं मिल रहा है। आदिवासी, दलित पर अत्याचार लगातार बढ़ रहे हैं। विधानसभा पहुंचे कांग्रेस विधायक नितेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि पार्टी पूरी ताकत के साथ सदन में जनता की आवाज उठाएगी। नल जल घोटाला से लेकर तमाम मामले उठाएगी। पैसों में भारी गड़बड़ी हुई है।
महाकाल मंदिर में दादागिरी करके घुस रहे बीजेपी नेता
कांग्रेस विधायक महेश परमार ने कहा कि बीजेपी नेता दादागिरी कर महाकाल मंदिर में घुस रहे हैं। विपक्ष यह बाद सदन में रखेगा। सिंहस्थ की तैयारी चल रही है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी के नेता गर्भ गृह में जबरन घुस रहे हैं। इधर, कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा के खिलाफ आपराधिक केस छुपाने के मामले में आज हाईकोर्ट में जवाब पेश होगा। इस पर मल्होत्रा ने कहा कि हमने कोई अपराध नहीं छुपाया है, जो भी मामला है नामांकन पत्र में दर्ज किया था। बकायदा मीडिया में भी इसकी सूचना दी गई थी। हमसे जवाब मांगा गया है वकील की ओर से जवाब दिया जाएगा।
कांग्रेस समाज से माफी मांगे
ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर विरोध कर रही कांग्रेस पर भाजपा विधायक शैलेन्द्र जैन ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को ओबीसी समाज से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में रहते हुए कांग्रेस ने न्यायालय में ओबीसी वर्ग के पक्ष में उचित पैरवी नहीं की। साथ ही कई मौकों पर कांग्रेस ने ओबीसी आरक्षण का विरोध किया।