भोपाल/इंदौर। चैंपियंस ट्रॉफी में टीम इंडिया की विजय के बाद बाद निकले जुलूस में महू में बवाल हो गया है। घटना रविवार रात करीब 10 बजे की है। जहां आतिशबाजी के दौरान दो गुटों में झड़प हुई। इस दौरान उपद्रवियों ने जमकर उत्पात मचाया। हालांकि प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रण में किया। कलेक्टर आशीष सिंह के मुताबिक हालात काबू में हैं। इस मामले में भाजपा विधायक उषा ठाकुर और रामेश्वर शर्मा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। बड़ा बयान दिया है।
भाजपा विधायक उषा ठाकुर ने कहा कि हिंसा फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में लोगों के घर और दुकान जलाए वहां तो कोई रैली नहीं निकली थी। जिन्होंने यह कृत्य किया है उन सभी आरोपियों की पहचान कर सलाखों के पीछे डाल दिया जाएगा। वहीं भोपाल की हुजूर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि बेटा बेटी की शादी करते हो तुम जश्न मानते हो ना, भारत जीता है तो उसकी आतिशबाजी से नफरत क्यों ? अगर इनको पटाखों से नफरत है, तो इनको डॉक्टर मोहन यादव के पटाखे के डंडे खाने पड़ेंगे।
महू में हुई थी पथराव की घटना
बता दें कि इंदौर के महू में चैंपियंस ट्रॉफी में टीम इंडिया की जीत से उत्साहित लोगों ने जमकर जश्न मनाया। इस दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। यहां टीम इंडिया की जीत को सेलिब्रेट कर रहे जुलूस पर जमकर पथराव किया गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, जीत का जश्न मनाने के लिए रैली निकाल रहे लोगों पर दूसरे पक्ष के लोगों ने पथराव कर दिया ,जिसमें कई लोग घायल हो गए। घटना से शहर के कई इलाकों में दहशत फैल गई है। उपद्रव के दौरान आगजनी की घटनाएं भी हुईं जिनमें कुछ वाहनों को नुकसान हुआ है।