चुरू। राजस्थान के चुरू में भारतीय वायु सेना का फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सैन्य विमान बुधवार को रतनगढ क्षेत्र के भाणूदा गांव में क्रैश हुआ है। हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। दोनों के क्षत-विक्षत शव बरामद कर लिए गए हैं। जैसे ही हादसे की खबर फैली, रतनगढ़ में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीमें मौके लिए रवाना हो गई हैं। घटना स्थल पर विमान का भारी मात्रा में मलबा बिखरा पडा मिला है।
चुरू एसपी जय यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गांव भाणूदा में प्लेन क्रैश हुआ है। इसमें दो लोगों की मौत हुई है। मौके पर राजलदेसर पुलिस को भेजा गया हैं। दुर्घटनाग्रस्त विमान भारतीय वायु सेना का जगुआर है. शव के पहचान की प्रक्रिया सेना और स्थानीय प्रशासन द्वारा की जा रही है। सेना की रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंच गई है। ताकि घटनास्थल को सील कर जांच शुरू की जा सके।
सेना करेगी घटना के कारणों की पुष्टि
वहीं ग्रामीणों ने बताया कि आसमान में तेज आवाज के बाद खेतों में आग की लपटें और धुआं उठता देखा गया। गांववालों ने बताया कि विमान क्रैश के तुरंत बाद खेतों में आग लग गई थी। जिसे ग्रामीणों ने अपनी ओर से बुझाने का प्रयास किया। घटना के विस्तृत कारणों की पुष्टि सेना द्वारा की जाएगी। बताया जाता है कि प्लेन एक पेड़ पर गिरा. जिससे पेड़ भी पूरी तरह जल गया। जिस जगह पर विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ, वो इलाका रेगिस्तान का है।
क्या है जगुआर की खासियत
यह ब्रिटिश-फ्रेंच सुपरसोनिक जेट अटैक एयरक्राफ्ट है। यह ग्राउंड अटैक और एंटी शिप मिशन में प्रयोग होने वाला सटीक स्ट्राइक विमान है। 36 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ने भरने में सक्षम है। डेढ़ मिनट में 30 हजार फीट की ऊंचाई पर पहुंच सकता है। इसके साथ ही 600 मीटर के छोटे रनवे से भी टेकऑफ या लैंडिंग कर सकता है।