मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में सेवा शुल्क बढ़ाने की मांग को लेकर एलपीजी गैस वितरक एक दिन की हड़ताल पर रहे। इससे सिलेंडर की खरीदी नहीं हुई।
ऑपरेटरों ने स्टॉक में रखे सिलेंडर उपभोक्ताओं को बांटे। शहर में 15 हजार सिलेंडर की रोज सप्लाई होती है। ऐसे में स्टॉक कम होने से उपभोक्ताओं को सिलेंडर मिलने में 2 से 3 दिन लग सकते हैं।
एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन (आइ) के बैनर तले पूरे देश में 26 हजार से ज्यादा एलपीजी वितरक इस आंदोलन में शामिल हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष बीएस शर्मा ने कहा कि सेवा शुल्क 35 रुपए से बढ़ाकर 110 रुपए किया जाए।
बीते दिन एलपीजी वितरकों ने सांकेतिक प्रदर्शन किया। ताकि उपभोक्ता परेशान न हों, इसलिए सरकार से मांग पूरी करने को कहा गया।
घरेलू गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी राशि नहीं बढ़ रही है। 2018 और 2019 तक हर साल रिवाइज होता था, लेकिन 2020-21 में कोरोना के चलते नहीं बढ़ा। बताया गया कि डिलीवरी में न्यूनतम 120 रुपए का खर्च होता है।
यह राशि साल 2022 में ही बढ़ जानी थी। पिछले तीन साल से कोई कमीशन नहीं बढ़ाया गया।



