भोपाल। प्रदेश भाजपा के नए मुखिया का नाम साफ होते ही मोहन सरकार ने नए सिरे से प्रशासनिक जमावट शुरू कर दी है। मंगलवार देर रात चार आईएएस अफसरों का तबादला किया है। लोक निर्माण विभाग अर्थात पीडब्ल्यूडी का जिम्मा सुखवीर सिंह को दे दिया है। वह विभाग के नए प्रमुख सचिव होंगे। अभी तक यह जिम्मेदारी एसीएस नीरज मंडलोई के पास थी। वह उर्जा विभाग के एसीएस है लेकिन सरकार ने उन्हें पीडब्ल्यूडी का भी अतिरिक्त प्रभार दे रखा था।
उधर निर्वाचन के नए मुखिया आईएएस संजीव कुमार झा को बनाया है, वह राजस्व मंडल ग्वालियर के सदस्य थे। वहीं सामान्य प्रशासन विभाग में सचिव रहे अनिल सुचारी को सागर संभाग का नया संभाग आयुक्त बनाया है। उन्हें यह जिम्मेदारी 30 जून को सेवानिवृत्त हुए सागर संभाग के बाद दी गई। सचिव रघुराज एमआर को श्रम विभाग का नया सचिव बनाया है। वह लंबे समय से तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग में पदस्थ थे। श्रम का जिम्मा प्रमुख सचिव उमाकांत उमराव के पास था।
आईएएस अफसरों की सूची और आएगी
प्रदेश में बड़े स्तर पर आईएएस अफसरों के तबादले होने है। इसकी कवायद लंबे समय से चल रही है। अब ये सूची आनी शुरू हो जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि तबादले किए जाने वाले नामों पर सीएम व सीएस ने कई बार मंथन कर लिया है। कई कारणों से सूचियां अटकी थीं।
राज्य पुलिस सेवा के 10 अफसरों को भी नई जिम्मेदारी
सरकार ने राज्य पुलिस सेवा के 10 अफसरों को भी बदला है। ये जांच एजेंसियों में सेवाएं दे रहे थे। इनमें ज्यादातर भोपाल व इंदौर में पदस्थ अफसर है। ग्वालियर लोकायुक्त एसपी राजेश कुमार मिश्रा को पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जबलपुर समर वर्मा को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ उज्जैन का एसपी, लोकायुक्त उज्जैन के अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ जबलपुर का एसपी, आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ भोपाल की सहायक पुलिस महानिरीक्षक पल्लवी त्रिवेदी को पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक, लोकायुक्त जबलपुर एसपी संजय साहू को पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक, आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ भोपाल के सहायक पुलिस महानिरीक्षक सुनील पाटीदार को लोकायुक्त् पुलिस रीवा का एसपी, उप सेनानी 6वीं वाहिनी विसबल जबलपुर की अंजुलता पटले को लोकायुक्त पुलिस जबलपुर की एसपी, क्यूडी पुलिस मुख्यालय भोपाल से संबंद्ध पीटीसी भौंरी की अतिरिक्त् पुलिस अधीक्षक यासमीन जहरा जमाल को पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक, ग्वालियर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निरंजन शर्मा को लोकायुक्त पुलिस ग्वालियर का एसपी और नगरीय पुलिस जोन 4 इंदौर के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आनंद यादव को लोकायुक्त पुलिस उज्जैन का अधीक्षक बनाया है।