मध्यप्रदेश

खंडवा-बुरहानपुर बनेंगे आदर्श जिला, कन्या विवाह के लिए मिलेगा 56 हजार का चेक: शिवराज ने की घोषणा

शिवराज ने पिछड़ा वर्ग के 2 लाख 90 हजार विद्यार्थियों के खातों में 300 करोड़ रूपए की छात्रवृत्ति राशि सिंगल क्लिक से ट्रांसफर की। इसके अलावा उन्होंने ने 77 करोड़ रुपए की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

भोपाल। मप्र सरकार बहनों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में बिटिया अब बोझ नहीं वरदान बन गई है। बहनों की जिंदगी में लाड़ली बहना योजना नया प्रकाश लेकर आएगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह बात बुरहानपुर के शाहपुर में पूर्व भाजपा नेता स्व. नंदकुमार सिंह चौहान के प्रतिमा अनावरण के दौरान कही है। सीएम ने कहा कि मुझे आज बहनों ने केले के रेशे और हल्दी की गांठ की राखी बांधी है, मैं वादा करता हूं कि बहनों की आन, बान, शान और सम्मान में कभी कमी नहीं आने दूंगा।

बुरहानपुर दौरे के दौरान शिवराज ने पिछड़ा वर्ग के 2 लाख 90 हजार विद्यार्थियों के खातों में 300 करोड़ रूपए की छात्रवृत्ति राशि सिंगल क्लिक से ट्रांसफर की। इसके अलावा उन्होंने ने 77 करोड़ रुपए की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही दिव्यांगों को कृत्रिम अंग और मुख्यमंत्री शिक्षा प्रोत्साहन योजना में लेपटाप वितरित किये। मुख्यमंत्री ने अजीविका मिशन से जुड़ी दीदियों को ट्रेक्टर एवं स्कूटी की चाबी सौंपी।

नंदू भैया के कामों को बढ़ाएंगे आगे
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि स्व. नंदकुमार चौहान उत्तम नेता थे। उन्होंने जिंदगी भर जनता की सेवा का कार्य किया। आज शाहपुर में उनकी प्रतिमा का अनावरण हुआ है। हम नंदू भईया के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे और उनकी प्रेरणा से क्षेत्र एवं प्रदेश का विकास करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि नंदू भईया की स्मृति में विकास और जन-कल्याण से खण्डवा और बुरहानपुर को आदर्श जिला बनायेंगे।

उच्च शिक्षा की फीस भर रही सरकार
वहीं पिछड़ा वर्ग के 2 लाख 90 हजार विद्यार्थियों के खातों में 300 करोड़ रूपए की छात्रवृत्ति राशि सिंगल क्लिक से ट्रांसफर करने के बाद सीएम ने कहा कि विद्यार्थी खूब मन लगा कर पढ़ाई करें और आगे बढ़े। सरकार द्वारा हर वर्ग के निर्धन विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति और मेधावी विद्यार्थी योजना प्रारंभ की गई है। मेधावी विद्यार्थी योजना में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा की फीस सरकार द्वारा भरी जा रही है। कक्षा 12वीं में सर्वाधिक अंक लाने वाली बेटियों को अब स्कूटी भी प्रदान की जायेगी। प्रदेश में अब मेडिकल, इंजीनियरिंग आदि की पढ़ाई भी हिंदी में प्रारंभ कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बहन, बेटियों का सम्मान सर्वोच्च है। मैं प्रदेश की हर बहन का सगा भाई हूं। हमेशा उनके कल्याण के लिए कार्य करता रहता हूं।

केवाईसी के लिए 15 रुपए देगी सरकार
सीएम ने बताया कि लाडली बहना योजना का लाभ उन बहनों को मिलेगा, जिनके परिवार की सालाना आमदनी ढाई लाख से कम है और 5 एकड़ से कम जमीन है। परिवार से अभिप्राय पति, पत्नी और बच्चे हैं। योजना के लाभ के लिए बहनों को कोई प्रमाण-पत्र नहीं देना होगा। उनके ई-केवाईसी भरवाए जाएंगे, इसके लिए उन्हें कोई शुल्क नहीं देना होगा। हर केवाईसी के लिए सरकार स्वयं 15 रूपए देगी। इस दौरान सीएम ने कन्या विवाह योजना को लेकर भी बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में कन्या को दी जाने वाली सामग्री के संबंध में कुछ शिकायत मिलने पर यह निर्णय लिया गया है कि अब कन्या को सामग्री के स्थान पर योजना की पूरी राशि 56 हजार रुपए का चेक दिया जायेगा।

 

Web Khabar

वेब खबर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button