ग्वालियर। ग्वालियर में आकार ले रहा विवेकानंद नीडम आरओबी जल्द जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। दरअसल मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जिले की कलेक्टर रुचिका चौहान को नीडम आरओबी का निरीक्षण कर शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि शेष कार्य पूर्ण होते ही आरओबी का लोकार्पण किया जायेगा। बता दें कि सीएम मोहन शुक्रवार को भिंड के दौरे पर गए थे। जहां उन्होंने ग्वालियर एयरपोर्ट पर कलेक्टर से आरओबी के संबंध में बात की थी और शीर्घ पूर्ण करने के निर्देश दिए थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश पर कलेक्टर चौहान ने शनिवार को नीडम आरओबी का निरीक्षण किया। उन्होंने सेतु निगम के कार्यपालन यंत्री को आरओबी पर किए जा रहे विद्युतीकरण, रोड फिनिशिंग, आरओबी के दोनों ओर की कॉलोनियों को सड़क सुरक्षा मानकों के अनुसार जोड़ने की कार्रवाई युद्ध स्तर पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि आरओबी पर समुचित ढंग से रेडियम लगाने और डिवाइडर सहित जरूरत के मुताबिक स्पीड ब्रेकर बनाने की हिदायत भी उन्होंने निरीक्षण के दौरान दी।
जल संसाधन मंत्री ने भी जिम्मेदारों को दिए निर्देश
ग्वालियर जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने भी नीडम आरओबी के शेष कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण कराने को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संभागीय आयुक्त मनोज खत्री, कलेक्टर रुचिका चौहान व नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय सहित अन्य संबंधित अधिकारियों से चर्चा की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से उन्होंने कहा कि नव निर्मित आरओबी की कमियों को तत्परता से पूर्ण कराया जाए।