नई दिल्ली। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को नार्थ ईस्ट के दौरे पर पहुंचे। जहां उन्होंने असम के गोलाघाट जिले के डेरगांव में पुलिस अकादमी के पहले चरण का उद्घाटन किया। इस दौरान शाह ने कहा कि पुलिस अकादमी आने वाले पांच सालों में देशभर में सर्वश्रेष्ठ पुलिस अकादमी बन जाएगी। मैं असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा को आहोम साम्राज्य के सेनापति लाचित बरफुकन के नाम पर इस अकादमी का नाम रखने के लिए धन्यवाद देता हूं। इस दौरान शाह ने कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला।
शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने असम को इतने सालों तक दंगों की आग में झोंक कर रखा लेकिन मोदी जी के राज में आज असम तेजी से विकास कर रहा है। मुझे भी असम में कांग्रेस सरकार ने पीटा था। हितेश्वर सैकिया असम के मुख्यमंत्री थे और हम पूर्व पीएम इंदिरा गांधी के खिलाफ नारे लगाते थे। असम की गालियां सुनी हैं, इंदिरा गांधी खूनी है। मैंने भी असम में सात दिनों तक जेल का खाना खाया और पूरे देश से लोग असम को बचाने आए। आज असम विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
कांग्रेस के 10 साल के शासन में असम को मिले थे सिर्फ 1.27 लाख करोड़
शाह ने कहा कि मोदी सरकार में असम में अनेक शांति समझौते हुए, जिसके परिणामस्वरूप हजारों युवा हथियार छोड़कर मुख्यधारा में लौटे। असम में कभी आंदोलन, गोलीबारी व आतंकवाद की चर्चा होती थी, आज यहां सबसे आधुनिक सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री लगने जा रही है। केंद्रीय मंत्री ने कहा, कांग्रेस पार्टी के शासन में 10 साल में असम को 1.27 लाख करोड़ का अनुदान दिया गया था। प्रधानमंत्री मोदी के 10 साल के कार्यकाल में 4.95 लाख करोड़ रुपये हम दे चुके हैं। चार गुना पैसा हमने कांग्रेस पार्टी के शासन से एनडीए शासन में दिया। मैं पूछना चाहता हूं कांग्रेस पार्टी से, असम को इतने सालों तक आपने दंगों की आग में झोंका, ग्रांट नहीं दी। सही से शिक्षा की व्यवस्था भी नहीं की। इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं बनाया और यहां पर शांति भी नहीं आने दी।
पूर्वोत्तर के तीन दिवसीय दौरे पर हैं शाह
दरअसल, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पूर्वोत्तर के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। वह शुक्रवार देर शाम शाह असम के जोरहाट पहुंचे। इस दौरान गृह मंत्री ने अपने हैंडल पर पोस्ट में लिखा कि वह पूर्वोत्तर राज्यों में तीन नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन की समीक्षा करेंगे और आॅल बोडो स्टूडेंट्स यूनियन के 57वें वार्षिक सम्मेलन में बोडोलैंड प्रादेशिक क्षेत्र में अपने युवा मित्रों से भी मिलेंगे। शाह ने कहा- मैं सभी कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए उत्सुक हूं।