भोपाल। मप्र भाजपा ने रविवार को भोपाल में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सम्मान अभियान के तहत आईएम बीजेपी फ्यूचर फोर्स द्वारा आयोजित द अंबेडकर यूथ कॉन्क्लेव का आयोजन किया। राज्य संग्रहालय में आयोजित की गई कान्क्लेव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने संबोधित किया। सीएम डॉ. यादव ने कहा कि बाबा साहब के बनाए संविधान की वजह से नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री और मैं मध्यप्रदेश की जनता का सेवक बन सका। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने भारत की आजादी को अमर बनाने के लिए कार्य किया है।
सीएम ने कहा कि समता मूलक समाज बनाने के लिए बाबा साहब से संविधान में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजातियों को आरक्षण का प्रावधान किया है। वह आरक्षण आज भी चल रहा है और आगे भी निरंतर चलता रहेगा, इसमें कोई शंका नहीं है। कांग्रेस आरक्षण को लेकर जनता में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है, इससे आप सभी प्रबुद्ध लोगों को सतर्क रहना है और समाज को बताना है कि बाबा साहब के कृतित्व व व्यक्तित्व को भाजपा जनता के सामने लाने का कार्य कर रही है। कांग्रेस ने ओबीसी वर्ग को आरक्षण देने के मुद्दे पर भी झूठ बोलकर भ्रम फैलाने का कार्य कर रही है। जनता उसके भ्रम में नहीं आने वाली है। बाबा साहब ने आजादी से पहले जिस विकसित भारत का सपना देखा था, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी उस सपने को साकार करने का कार्य कर रहे है।
बाबा साहेब को संविधानसभा में आने से रोका कांग्रेस ने
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आजादी के बाद देश को आगे बढ़ाने के लिए समाधान निकालने का समय आया। कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं ने बहुत कोशिश की कि बाबा साहब को संविधान सभा में आने से रोका जाए। कांग्रेस ने संविधानसभा में आने से रोकने के लिए बाबा साहब को चुनाव हराने का कार्य किया। लेकिन अद्भुत प्रतिभा के धनी महापुरूष बाबा साहब को जिम्मेदारी मिली और उन्होंने संविधान का निर्माण कर देश को आगे ले जाने का समाधान खोजा। बाबा साहब के बनाए संविधान में कानून सबके लिए समान बनाया गया है।
अंबेडकर ने भारत को एक सूत्र में बांधने का किया काम: वीडी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि बाबा साहब डॉ. अंबेडकर ने संपूर्ण भारत को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया है। बाबा साहब आजादी से पहले ही विकसित भारत के संकल्प को लेकर कार्य कर रहे थे। आजादी के बाद उनके सपनों पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी बाबा साहब के नदी जोड़ों संकल्पना को साकार कर रहे हैं। कांग्रेस ने अपने स्वार्थ व तुष्टिकरण की राजनीति के लिए संविधान में कई संशोधन किए हैं।
कांग्रेस ने तुष्टिकरण के लिए संविधान में किए कई संशोधन
वीडी शर्मा ने कहा कि कांगे्रस ने तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति के लिए संविधान में कई संशोधन किए। इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने फैसला दिया तो कुर्सी जाने लगी तब देश में आपातकाल लगाकर संविधान का गला घोंटा गया। सुप्रीमकोर्ट ने एक फैसला दिया तो तत्कालीन केंद्र की कांग्रेस सरकार ने संविधान संशोधन कर अदालत के फैसले को प्रभावहीन करने का कार्य किया। बाबा साहब ने संविधान में संपूर्ण भारत को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया, लेकिन कांग्रेस ने वर्ग विशेष की वोट बैंक और तुष्टिकरण के लिए 75 बार संविधान में संशोधन किए हैं। बाबा साहब के विरोध के बावजूद जवाहरलाल नेहरू ने संविधान में धर्मनिरपेक्ष और समाजवाद जैसे शब्दों को जोड़ा है। यह तुष्टिकरण की राजनीति ही तो है। देश में वर्षां तक शासन करने वाली कांग्रेस पार्टी ने दलितों, वंचितों, अनुसूचित जनजातियों के कल्याण के लिए कोई कार्य नहीं किया।