कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। यहां के केशव पार्क में आयोजित किए जा रहे 1000 कुंडीय महायज्ञ में बवाल हो गया है। बताया जा रहा है कि खाने को लेकर शुरु हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि यज्ञ कार्यक्रम के आयोजक स्वामी हरि ओम दास के निजी सुरक्षा कर्मियों ने ब्राम्हणों पर फायरिंग कर दी। जिसमें कई लोग घायल हो गए हैं। जिन्हें इलाज के लिए तत्काल में भर्ती कराया गया। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक ब्राह्मणों को बासी खाना परोसने को लेकर विवाद हुआ। जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई। विवाद के दौरान एक सुरक्षाकर्मी ने गोली चला दी, जो आशीष तिवारी नामक ब्राह्मण को लगी। वह लखनऊ के रहने वाले हैं। इससे ब्राह्मण भड़क गए। इसके बाद उनकी आयोजकों के साथ मारपीट हुई। आशीष तिवारी नामक युवक को गंभीर हालत में लोकनायक जयप्रकाश सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना से नाराज एक जाति विशेष के लोगों ने महायज्ञ स्थल के बाहर कुरुक्षेत्र-कैथल रोड जाम कर दिया और पत्थरबाजी की। प्रदर्शनकारियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस ने सख्ती दिखाई और जाम खुलवाने का प्रयास किया। फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति को नियंत्रित किया है। हालांकि, माहौल अब भी तनावपूर्ण बना हुआ है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
घटना को लेकर ब्राह्मणों-आयोजकों ने क्या कहा
ब्राह्मण बोले- बासी खाने का विरोध किया, पहले भी थप्पड़ मारते थे इस मामले में प्रदर्शन कर रहे ब्राह्मणों ने कहा कि उन्हें लगातार बासी खाना दिया जा रहा था। जिसके विरोध पर उनकी पहले भी आयोजकों के बाउंसर यानी गार्डों से बहस हुई थी। ब्राह्मणों ने यह भी आरोप लगाया कि पहले दिन से ही बाबा के सुरक्षा गार्ड (बाउंसर) उन्हें किसी न किसी बात को लेकर परेशान कर रहे थे। कभी भी किसी के साथ मारपीट कर देते थे। कोई घूमता दिखाई देता तो उसे भी थप्पड़ या डंडा मार देते थे।
आयोजक स्वामी शुभ बोले- शरारती तत्वों ने किया
यज्ञ के आयोजक आचार्य स्वामी शुभ ने बताया कि यह काम किसी शरारती तत्व ने किया है। वे खुद भी मामले की जांच कर रहे हैं। वे क्यों चाहेंगे उनके यज्ञ में कोई विघ्न हो। जो आरोपी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।
18 मार्च से हुई थी यज्ञ की शुरुआत
इस महायज्ञ की शुरूआत 18 मार्च से हुई थी और इसे 27 मार्च तक चलना था। इसके लिए 1008 कुंडीय यज्ञशालाएं बनाई गई थीं। महायज्ञ में हर दिन 1,00,000 आहुतियां डाली जा रही थीं। इस आयोजन के सूत्रधार हरि ओम दास हैं, जिन्हें यज्ञ सम्राट के नाम से जाना जाता है। उन्होंने देशभर के 24 राज्यों में अब तक 101 महायज्ञ का आयोजन कराया है। उनका संकल्प पूरे भारतवर्ष में 108 महायज्ञ कराने का है। कुरुक्षेत्र में 18 मार्च से शुरू हुआ महायज्ञ इस तरह का 102वां आयोजन है। इस महायज्ञ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली, मुख्यमंत्री की पत्नी सुमन सैनी और पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा जैसे कई बड़े नेता शामिल हो चुके हैं।