भोपाल। मुख्यमंत्री मोहन यादव की पहल पर मध्यप्रदेश में सभी हिन्दू त्योहारों को धूमधाम से मनाया जा रहा है। ऐसा ही महाशिवरात्रि और गुड़ी पड़वा पर्व पर भी देखनें को मिलेगा। दोनों त्योहरों को भव्य तरीके से मनाने के लिए मप्र सरकार ने व्यापक स्तर पर अपनी तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कैबिनेट मंत्रियों को संबोतिधत करते हुए कहा कि मप्र में 26 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा। इस मौके पर सभी शिव और मंदिरों की साज-सज्जा सहित बड़े आयोजन किाए जाएंगे।
वहीं सीएम ने बताया कि 30 मार्च को गुड़ी पड़वा पर्व पर भी बड़े स्तर पर कार्यक्रमों की रूपरेखा बनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि महाशिवरात्रि से विक्रमोत्सव प्रारंभ होगा। इस वर्ष भी जल गंगा अभियान संचालित किया जाएगा। इस वर्ष जल गंगा अभियान और वॉटर शेड कार्यक्रम के साथ दीर्घ अवधि तक चलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कैबिनेट मंत्रियों से बस्ती विकास योजना और जनसंपर्क निधि के सम्बन्ध में भी चर्चा की।
देश में सबसे अधिक घड़ियाल चंबल अभ्यारण्य में
इस दौरान सीएम ने कैबिनेट मंत्रियों को यह भी जानकारी दी की सोमवार यानि 17 फरवरी को चंबल नदी के निकट घड़ियाल अभ्यारण्य का उन्होंने अवलोकन किया। इस अवसर पर 10 घड़ियाल चंबल नदी में छोड़े गए। प्रदेश में वन्य जीव पर्यटन को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। देश में सर्वाधिक घड़ियाल चंबल के घड़ियाल अभ्यारण्य में हैं। यहां पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए नई सुविधाएं प्रारंभ की जा रही हैं। सीएम ने इस अभ्यारण्य को पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण केन्द्र बताया।
किसान कल्याण के क्षेत्र में लिए कई अहम निर्णय
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेश में किसान कल्याण के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। चाहे किसानों को धान और अन्य फसलों के समर्थन मूल्य में वृद्धि का विषय हो या प्रति हेक्टेयर फसलों के लिए प्रोत्साहन राशि देने का विषय हो, इस संबंध में निकट भविष्य में महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। किसानों का कल्याण राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि केन-बेतवा और पार्वती-कालीसिंध-चंबल नदी जोड़ो परियोजनाओं की स्वीकृति के बाद मध्यप्रदेश तीसरी बड़ी नदी जोड़ो परियोजना से लाभान्वित होगा। यह परियोजना ताप्ती मेगा रिचार्ज परियोजना होगी, जिससे महाराष्ट्र राज्य भी लाभान्वित होगा।