देवास। देवास में शुक्रवार की देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया है। यहां के नयापुरा क्षेत्र में एक मकान में भीषण आग लगने से से एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई है। सभी की मौत दम घुटने से हुई है। मृतकों में पति-पत्नी और दो बच्चे शामिल हैं। हादसे के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। हालांकि आशंका जाहिर की जा रही है कि नीचे डेयरी में गैस सिलेंडर के ब्लास्ट होने के कारण आग लगी हो। पहली मंजिल पर डेयरी प्रोडक्ट्स रखे थे, जिससे आग बेकाबू हो गई। हादसे में मरने वाले में दिनेश कारपेंटर 35 वर्ष, गायत्री कारपेंटर 30 वर्ष, इशिका 10 वर्ष, चिराग 7 वर्ष बताए गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी पुनीत गेहलोद मौके पर पहुंचे। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए एफएसएल टीम जांच करेगी।
जानकारी के अनुसार देवास शहर के नयापुरा क्षेत्र में मदन सोलंकी का मकान है। ऊपर वो अपने परिवार के साथ रहते थे और नीचे दिनेश खुद की डेयरी चलाते थे। शुक्रवार देर रात सोलंकी के मकान में भीषण आग लग गई। इस हादसे में चार लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। हादसे के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। कुछ लोगों को कहना है कि आग ग्राउंड फ्लोर पर बनी डेयरी में लगी और धीरे-धीरे इतना विराल रूप ले लिया। घटना की जानकारी होते ही नगर निगम दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया। करीब तीन फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड कर्मचारी दूसरी मंजिल पर सो रहे परिवार के रेस्क्यू में जुट गई, लेकिन ऊपर जाने का रास्ता सकरा होने से टीम रेस्क्यू नहीं कर पाई।
आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा
एसपी पुनीत गेहलोद ने बताया, नयापुरा में एक डेयरी संचालक दिनेश कारपेंटर की दुकान की नीचे थी और उनका परिवार ऊपर रहता था। आग लगने के दौरान दिनेश कारपेंटर और उनका परिवार घर में मौजूद था। अभी पुलिस की टीम मौके पर है। फोरेंसिक टीम के साथ मिलकर आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। ऐसी संभावना है कि कुछ इंफ्लेमेबल मटेरिल फर्स्ट फ्लोर पर स्टोर करके रखा गया था, इसकी जांच जारी है।
रास्ते में मलबा होने से रेस्क्यू में आई दिक्कत
नगर निगम दमकल विभाग के अभिनव चंदेल ने बताया कि सुबह 4:48 बजे नयापुरा क्षेत्र में आर्यन मिल्क कॉर्नर पर एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट होने की सूचना मिली थी। मौके पर हमारी तीन फायर बिग्रेड पहुंची। रेस्क्यू कर एक पुरुष, एक महिला और दो बच्चों का शव निकाला। सिंगल रास्ता होने से इसमें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रास्ते पर मलबा पड़ा होने से आग बुझाने और रेस्क्यू कार्य में दिक्कत हुई। मिल्क कॉर्नर में ब्लास्ट हुआ एलपीजी सिलेंडर वहां मिला है। मौके पर अन्य एलपीजी सिलेंडर भी रखे थे। पहली मंजिल पर भी डेरी प्रोडक्ट भी रखे हुए थे।
पिछले 7 साल से डेयरी संचालित कर रहे थे
दिनेश कारपेंटर मूल रूप से देवास जिले के बजेपुर गांव विजयागंज मंडी रोड के रहने वाले थे। वह नयापुरा में पिछले डेढ़ साल से पत्नी और दो बच्चों के साथ किराए से रह रहे थे। करीब 7 साल से दूध डेयरी संचालित कर रहे थे। बेटी इशिका चौथी और चिराग पहली कक्षा में थे।