बेगूसराय। बिहार में मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। यहां के बेगूसराय जिले में कार और आॅटों की भीषण टक्कर में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए हैं। घटना एफसीआई थाना क्षेत्र के रतन चौक के पास एनएच 31 पर हुई। यहीं पर बेकाबू कार ने आॅटो को टक्कर मारी। आॅटो में 7 लोग सवार थे। यह सभी सुबह सिमरिया से जीरो माइल की ओर आ रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। पुलिस आॅटो में फंसी लाशों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। मिली जानकारी के अनुसार, आॅटो सवार सभी लोग हाथीदह स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद बेगूसराय की ओर आ रहे थे। ओवरटेक करने के दौरान आॅटो और कार भीषण टक्कर हो गया। इसमें आॅटो पर सवार पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं कार का ड्राइवर एवं आॅटो सवार दो अन्य व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हैं। इन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय लोगों एवं पुलिस ने बताया कि आज सुबह रतन चौक के समीप जोरदार आवाज हुई और जब लोग वहां पहुंचे तो कार एवं आॅटो के आमने-सामने टक्कर हो चुकी थी तथा दोनों ही गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। मृतकों की पहचान कर ली गई है। पुलिस के अनुसार, मरने वाले में से एक पहचान छोराही थाना क्षेत्र के राजोपुरबेंगा निवासी रमाकांत दास का 25 वर्षीय पुत्र रजनीश कुमार उर्फ गौतम के रुप में हुई है। मृतक मजदूर है, जो टाइल पत्थर का काम करता है।
वहीं दूसरे एक शाम्हो के रहने वाले सिंटू कुमार यादव थे। वह दिल्ली से लौटकर बेगूसराय से खगड़िया शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। तीसरे युवक की पहचान नालंदा जिले के पुवारी (गोनामा) निवासी सुनील कुमार का 28 वर्षीय पुत्र विक्की कुमार के रूप में हुई है। सुनील कुमार दिल्ली एम्स में कैंसर डिपार्टमेंट में टेक्नीशियन के रूप में कार्य थे और वह दिल्ली से बेगूसराय अपने ससुराल आ रहा था। चौथे युवक की पहचान गढ़पुरा थाना क्षेत्र के कुंवर टोल वार्ड 15 निवासी रामदास का 24 वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार के रूप में हुई है। वह पटना से घर लौट रहा था। वह पॉलिटेक्निक का छात्र था। वहीं पांचवे की पहचान बखरी थाना क्षेत्र के मौजी हरी सिंह गांव निवासी वीरेंद्र तांती का 22 वर्षीय पुत्र अमनदीप कुमार के रूप में हुई। वह प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करता था।