भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राजधानी भोपाल में 24-25 फरवरी को आयोजित होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का शुभारंभ करेंगे। लेकिन पीएम मोदी इससे पहले 23 फरवरी को भाजपा सांसद, विधायक और मंत्रियों के साथ एक बड़ी बैठक करेंगे। यह बैठक कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित होगी। पीएम मोदी की बैठक को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी ने शुक्रवार को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए।
वहीं वीडी शर्मा ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता पीएम मोदी अपने व्यस्तम समय के बावजूद भाजपा प्रदेश संगठन के लिए समय निकालकर 23 फरवरी को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में पार्टी पदाधिकारियों और सांसद-विधायकों से संवाद करेंगे। यह मध्यप्रदेश के लिए सौभाग्य की बात है कि वह दिन तक प्रदेश की धरती पर रहेंगे। हम सब पार्टी के कार्यकर्ता पीएम के स्वागत को लेकर उत्साह और उमंग के साथ जुटे हुए हैं। शर्मा ने कहा कि पीएम मोदी के दिल में हमेशा मध्यप्रदेश रहा है और उनका आशीर्वाद हमेशा प्रदेश को मिलता रहा है। देश की जनता पीएम और भाजपा को लगातार आशीर्वाद देती आ रही है।
विकसित मप्र ही भाजपा सरकारों के काम का हिसाब
इस दौरान वीडी ने पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिधार की पीसी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा झूठ, छल, कपट की नकारात्मक राजनीति करती रही है। इसलिए कोई अच्छी बात कभी कांग्रेस के नेताओं के मुंह से निकलती ही नहीं है। उन्होंने कहा कि 2003 से पहले मध्यप्रदेश एक बीमारू राज्य था और दुरावस्था का शिकार था। प्रदेश की जनता कांग्रेस पार्टी से 2003 के पहले के उस मध्यप्रदेश की दुरावस्था का हिसाब मांगती है, क्या जीतू पटवारी ये हिसाब जनता को दे पाएंगे?
विकास का हिसाब दे रही मप्र की जनता
शर्मा ने कहा कि 2003 के बाद भारतीय जनता पार्टी की सरकारों ने मध्यप्रदेश को खुशहाली और विकास के रास्ते पर आगे बढाना शुरू किया। प्रदेश में हुए इस विकास का हिसाब मध्यप्रदेश की जनता दे रही है। उन्होंने कहा कि आज जो विकसित मध्यप्रदेश और कानून व्यवस्था की जो सुदृढ़ स्थिति दिखाई देती है, यह भाजपा की सरकारों के काम का हिसाब है।