नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली की सड़कों का नाम बदलने का क्रम जारी है। इसी कड़ी में अब तुगलक मार्ग का नाम बदलकर स्वामी विवेकानंद मार्ग कर दिया है। सड़क का नया नामकरण भाजपा राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने किया है। डॉ। दिनेश शर्मा ने सरकारी आवास के द्वार पर तुगलक लेन की जगह स्वामी विवेकानंद मार्ग की पट्टिका लगाई। हालांकि, अभी आधिकारिक रूप से सड़क का नाम नहीं बदला गया है, लेकिन इस मुद्दे को लेकर राजनीति गरमा गई है।
सांसद दिनेश शर्मा ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा है कि ‘नई दिल्ली स्थित नए आवास 6-स्वामी विवेकानंद मार्ग (तुगलक लेन) में सपरिवार विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चन कर गृह प्रवेश किया’ उन्होंने इस पोस्ट के साथ गृह प्रवेश की कई फोटो भी शेयर की है। इन्हीं फोटो में उनके आवास के बाहर लगी नेम प्लेट पर ‘स्वामी विवेकानंद मार्ग’ लिखा दिख रहा है।
यह भी बोले भाजपा सांसद
भाजपा सांसद ने कहा, यह सामान्य प्रक्रिया है कि जब कोई किसी घर में जाता है तो नाम पट्टिका लगा दी जाती है। मैं वहां नहीं गया था, मैंने नहीं देखा था, जब मुझसे उससे संबंधित लोगों ने पूछा कि किस तरह की नाम पट्टिका होनी चाहिए तो मैंने कहा कि आसपास के हिसाब से होनी चाहिए। आस-पास के घरों पर विवेकानंद मार्ग लिखा था और नीचे तुगलक लेन लिखा था, दोनों एक साथ लिखे थे। नेमप्लेट पर आज भी तुगलक लेन लिखा है और सुविधा के लिए विवेकानंद मार्ग लिख दिया है।
मैंने कर्मचारियों से पूछा तो उन्होंने कहा कि गूगल पर वह स्थान विवेकानंद रोड आता है, ऐसा इसलिए लिखा है ताकि लोगों को विवेकानंद रोड और तुगलक लेन में भ्रम न हो। मैं जानता हूं कि सांसद को सड़क का नाम बदलने का अधिकार नहीं है। ये राज्य सरकार और नगर निकाय का काम है, इसके लिए एक प्रक्रिया होती है। मुझे इसे बदलने का न अधिकार था, न है, न मैंने किया है। सामान्य प्रक्रिया में पेंटर ने वही नाम लिखा होगा जो आस-पास के घरों पर लिखा था, इसका मतलब यह नहीं है कि मैंने कोई स्थान (का नाम) बदला है।