भोजपुर। बिहार के भोजपुर जिले में शुक्रवार सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां के यहां जगदीशपुर थाना क्षेत्र के दुल्हनगंज बाजार के पास एककार सड़क के किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। इस दर्दनाक हादसे में 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। सभी मृतक प्रयागराज में महाकुंभ स्नान कर वापस लौट रहे थे। मरने वालों में दंपती, उनकी दो बेटियां भी हैं।हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए हैं। इस भीषण हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जायजा लिया। पुलिस ने सभी शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। पुलिस इस घटना की जांच पड़ताल में जुटी है।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार अहले सुबह परिवार के सभी लोग महाकुंभ स्नान कर लौट रहे थे। लेकिन, पटना पहुंचने से 40 किमी पहले आरा-मोहनिया नेशनल हाईवे पर जगदीशपुर थाना क्षेत्र के दुल्हनगंज बाजार स्थित पेट्रोल पंप के पास ड्राइवर ने झपकी ले ली। इसी दौरान तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कार का एक पहिया 20 फीट दूर पड़ा मिला। महज पांच मिनट के अंदर परिवार के छह लोगों दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद इलाके में मचा हड़कंप
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हाईवे पर लोगों की भीड़ जुट गई। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार के अंदर फंसे लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला। लेकिन, तब तक काफी देर हो चुकी थी। इनमें से कोई भी जिंदा नहीं बचा। पीछे की सीट पर दो महिला और दो लड़की बैठी थी। वहीं आगे की सीट पर एक ड्राइवर और एक पुरुष थे। वहीं हादसे के बाद स्थानीय लोगों का कहना है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इसकी गूंज करीब 200 मीटर तक सुनाई दी। हमलोग फौरन वहां पहुंचे तो देखा कि कार ट्रक के परखच्चे उड़ गए। देखते ही देखते कार के अंदर फंसे छह लोगों ने दम तोड़ दिया। इधर, घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतकों में 4 महिलाएं, 2 पुरुष शामिल
हादसे में मरने वालों में 4 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। मृतकों की पहचान पटना के जक्कनपुर स्थित सुदामा कॉलोनी निवासी 62 वर्षीय संजय कुमार और उनकी पत्नी 58 वर्षीय करुणा देवी, बेटा 25 वर्षीय लाल बाबू सिंह और बेटी 20 वर्षीय प्रियम कुमारी के रूप में हुई है। इसके अलावा, पटना के कुम्हरार निवासी आनंद सिंह की बेटी 28 वर्षीय आशा किरण और चंद्रभूषण प्रसाद की बेटी 25 वर्षीय जूही रानी भी इस हादसे में जान गंवा चुकी हैं।
एनएच पर कार खड़े ट्रक से टकरा गई
भोजपुर पुलिस का कहना है कि सभी लोग प्रयागराज से बेलेनो कार से लौट रहे थे। भोजपुर में एनएच पर कार खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। सभी लोग पटना के जक्कनपुर के रहने वाले थे। इनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजन ने बताया कि सभी गुरुवार को पटना से महाकुंभ स्नान के लिए प्रयागराज गए थे। लौटने के दौरान हादसा हुआ।