ग्वालियर/भोपाल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने गुरूवार को ग्वालियर में जीवाजी विश्वविद्यालय के अटल सभागार में आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज जिस विचारधारा का नेतृत्व करते हुए दुनिया भर में भारत का नाम रोशन कर रहे हैं, उस विचारधारा का जन्म इसी ग्वालियर की सरजमीं पर हुआ था। आप सभी कार्यकर्ता सामान्य कार्यकर्ता नहीं हैं।
आप सभी खुद को गौरवांन्वित महसूस करें कि आप श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी और ममतामयी मां राजमाता विजयाराजे सिंघिया की कर्मभूमि के कार्यकर्ता हैं। देश को हजारों साल पहले जैसी बुलंदियों पर ले जाने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी कार्य कर रहे हैं, इसके लिए आप सभी कार्यकतार्ओं को भाजपा को और मजबूत करना होगा। पार्टी कार्यकर्ता केंद्र और मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सरकार और जनता के बीच सेतु बनकर कार्य करें और हारे हुए बूथों को जीतकर पार्टी को और बुलंदियों तक पहुंचाने में जुट जाएं। कार्यक्रम को महाराष्ट्र के सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया, मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, प्रद्युम्न सिंह तोमर, सांसद भारत सिंह कुशवाह भी मौजूद थे।
हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा को मजबूत करने और उसे आज विराट स्वरूप तक पहुंचाने में ग्वालियर का अतुलनीय योगदान रहा है। ग्वालियर के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी ने इसी ग्वालियर के दौलतगंज स्थित एक धर्मशाला से भाजपा की विचारधारा को प्रतिपादित किया। पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन करने वाले श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म भी यहीं हुआ। हमारी पार्टी को मध्यप्रदेश में पहला महापौर देने वाला शहर भी ग्वालियर ही है। हमें पार्टी को इस बुलंदियों तक पहुंचाने वाले सभी महानुभावों को याद करना चाहिए। पार्टी संगठन को जब धन की आवश्यकता पड़ी तो राजमाता सिधिया ने अपनी सगाई की अंगूठी तक दे दी थी। हमें ऐसे महान विभूतियों को नहीं भूलना चाहिए, जिन्होंने पार्टी संगठन को यहां तक पहुंचाने में अपना अमूल्य योगदान दिया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आप सभी कार्यकतार्ओं की मेहनत और परिश्रम से भाजपा संगठन इतना मजबूत बन सका है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत विश्व की ग्यारहवीं सबसे बड़ी अर्थव्यस्था से चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। देश को विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बनाने और हजारों साल पुराना वैभव दिलाने के लिए हमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और भाजपा को और मजबूत बनाना है। हर कार्यकर्ता पार्टी की मजबूती के लिए खुद को समर्पित कर दे और खुद को किसी नेता से कम न समझे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मध्यप्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। आप सभी कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच की कड़ी बनकर सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएं, पार्टी संगठन हर कार्यकर्ता को काम और दायित्व की चिंता करता है।