28.3 C
Bhopal

मप्र के प्रतिभावानानों को मिला स्कूटी का तोहफा, मोहन बोले- अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा और योग्यता करें स्थापित

प्रमुख खबरे

भोपाल। मध्यप्रदेश के 12वीं के टॉपरों के लिए आज का दिन सौगात लेकर आया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को 7 हजार 832 बच्चों को स्कूटी गिफ्ट की। इसके अलावा सीएम ने 20 लाख से अधिक बालिकाओं को सैनिटेशन एवं हाइजीन के लिए 61 करोड़ रुपए से अधिक की राशि भी उनके खातों में ट्रांसफर की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंअर परिसर मेंछात्रा कु. हर्षिता के साथ स्कूटी की सवारी की और उपस्थित विद्यार्थियों का अभिवादन कर उनसे संवाद भी किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में बच्चों के लिए बेहतर भविष्य का अवसर है। प्रदेश के विद्यार्थियों को स्कूटी, लैपटॉप, साइकिल, कॉपी-किताबें सहित अनेक सौगातें मिल रही हैं। इसी क्रम में आज स्कूल शिक्षा विभाग के माध्यम से 12वीं बोर्ड परीक्षा में स्कूल के टॉपर रहे 7 हजार 832 बच्चों को स्कूटी दी गई है। यह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की भावना के अनुरूप प्रतिभावान विद्यार्थियों को गति से आगे बढ़ने के लिए उपलब्ध कराया गया साधन है। सीएम टॉपरों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हम स्कूटी से आगे बढ़ इन विद्यार्थियों को मंत्री और अधिकारी के रूप में देश-प्रदेश की व्यवस्थाओं का संचालन कर, जनसामान्य का कल्याण और सेवा करते हुए देखना चाहते हैं।

भारत की ओर आशा भरी निगाहों से देख रही दुनिया
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बदलते दौर में भारत, विश्व में नई तकनीकें अपनाने में अग्रणी है। दुनिया भारत की ओर आशा भरी निगाहों से देख रही है। आज भारत अंतरिक्ष विज्ञान सहित सभी क्षेत्रों में प्रगति कर रहा है। पीएम मोदी देश में हो रहे नवाचारों, खोजों और वैज्ञानिक प्रयासों को हर परिस्थिति में प्रोत्साहित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यार्थियों को स्वयं पर विश्वास रखने और उन्नति के लिए निरंतर प्रयत्नशील और संघर्षशील बने रहने के लिए प्रेरित किया।

शासकीय स्कूलों की स्थिति में हो रहा है निरंतर सुधार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में शासकीय स्कूलों की स्थिति में निरंतर सुधार हो रहा है। राज्य सरकार बच्चों के लिए सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्हें श्रेष्ठतम शैक्षणिक सुविधाएं और अनुभव देने के उद्देश्य से ही प्रदेश में सांदीपनि विद्यालय की स्थापना हो रही है। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में सड़कों का जाल बिछाया गया। शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़े पैमाने पर कार्य हुआ।

सीएम ने जापान-इजराइल का दिया उदाहरण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जापान और इजराइल द्वारा प्रस्तुत राष्ट्र निर्माण का उदाहरण, युवाओं के लिए अनुकरणीय है। राज्य सरकार मध्यप्रदेश में सिंचाई क्षेत्र को विस्तार देने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है, इसी का परिणाम है कि प्रदेश का सिंचित रकबा 52 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है। विश्व का पहला नदी जोड़ो अभियान केन बेतवा लिंक परियोजना भी प्रदेश की धरती पर शुरू हुई है, इसकी आधारशिला प्रधानमंत्री श्री मोदी ने रखी थी।

5 लाख से अधिक विद्यार्थियों को वितरित किए लैपटॉप
सीएम ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले 15 साल में 1300 करोड़ रूपए से 5 लाख से अधिक विद्यार्थियों को लैपटॉप वितरित किए। लगभग 3 हजार करोड़ रूपए से 1 करोड़ से अधिक साइकिलें प्रदेश में वितरित की गईं। वहीं, स्कूलों के टॉपर विद्यार्थियों को 250 करोड़ रूपए राशि से अब तक 23 हजार से अधिक विद्यार्थियों को स्कूटी दी जा चुकी है। बदलते दौर में प्रदेश के युवा नौकरी करने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बने इसके लिए राज्य सरकार औद्योगीकरण का अभियान चला रही है।

10 विद्यार्थियों को प्रतीक स्वरूप भेंट की स्कूटी की चाबी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में प्रतीक स्वरूप विद्यार्थी प्रांजल कुशवाह, कोमल पाठक, मेहंदी हसन, ऋषिका बागोरिया, राज गोंड, हर्षिता, अभिषेक गुप्ता, यासमीन, रोहित अहिरवार और पलक भिलाला को स्कूटी की चाबी भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में समग्र शिक्षा की सेनिटेशन एवं हाईजीन योजना अंतर्गत वर्ष 2025 में कक्षा 7वीं से 12वीं की 20 लाख 37 हजार 439 बालिकाओं को लगभग 61 करोड़ रुपए राशि सिंगल क्लिक से उनके बैंक खातों में अंतरित की।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे