नई दिल्ली। चुनावी नतीजों से पहले दिल्ली की सियासत गरमाई हुई है। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि आप ने दावा कर दिया है कि भाजपा ने उसकी उम्मीदवारों को आफर किया की 15-15 करोड़ लेकर भाजपा आ जाओ मंत्री बना देंगे। भाजपा द्वारा आप उम्मीदवारों को मिले आफर के बाद आप संयोजक अरविंद केजरीवाल हरकत में आ गए हैं। यही नहीं उन्होंने अपने सभी 70 उम्मीदवारों की अहम बैठक भी बुला दी है। यह बैठक आॅपरेशन लोटस के आरोपों के बीच आहूत की गई है। सूत्रों की मानें तो केजरीवाल उम्मीदवारों के साथ 11.30 बजे बैठक करेंगे। बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे कल यानि शनिवार को आएंगे, लेकिन इससे पहले सत्ता को लेकर दिल्ली में सियासी हलचल जारी है।
पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया है कि भाजपा उनके उम्मीदवारों पर डोरे डाल रही है। अब तक उनके 16 उम्मीदवारों को भाजपा की तरफ से फोन किया जा चुका है। उन्हें लालच देकर भाजपा में शामिल करवाने की कोशिश की जा रही है। उम्मीदवारों से कहा जा रहा है कि आप छोड़ कर भाजपा में आ जाओ। मंत्री बना देंगे और 15-15 करोड़ देंगे। सोशल मीडिया पर केजरीवाल ने लिखा कि कुछ एजेंसी दिखा रही हैं कि भाजपा की 55 से ज्यादा सीटें आ रही हैं। अगर ज्यादा सीटें आ रहीं हैं तो आप उम्मीदवारों को फोन करने की क्या जरूरत है। केजरीवाल आरोप लगाते लिखा कि एग्जिट पोल के सर्वे फर्जी हैं और उनके सहारे माहौल बनाकर उम्मीदवारों को तोड़ा जा रहा है।
दिल्ली में नतीजों से पहले शुरू हुआ आॅपरेशन लोटस
वहीं आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने वोटों की गिनती से पहे बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि दिल्ली में नतीजों से पहले आॅपरेशन लोटस शुरू हो गया है। आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के सात विधायकों को 15-15 करोड़ की पेशकश के फोन आने लगे हैं। संजय सिंह ने दावा किया कि मतगणना से पहले ही भाजपा ने हार मान ली है। पूरे देश की तरह भाजपा दिल्ली में भी विधायकों को तोड़कर सरकार बनाना चाहती है। 2013 के विधानसभा चुनाव के बाद शेर सिंह डागर ने आप के विधायक से संपर्क करने का प्रयास किया था। उसके बाद कई बार प्रयास किए गए। कुछ नेता उसके सामने झुक गए। पंजाब में भी इन्होंने सांसद को भाजपा में शामिल किया। वहीं, दिल्ली में दो मंत्रियों को भाजपा में शामिल करवाया। भाजपा दिल्ली में सरकार गिराने का प्रयास कर सकती है।
मतगणना को लेकर मुस्तैद ईसी-प्रशासन
बता दें कि दिल्ली चुनाव की शनिवार को होने जा रही मतगणना को लेकर चुनाव आयोग और प्रशासन सुरक्षा को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है। इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित तरीके से रखा गया है। राजधानी की 19 जगहों पर हर एक विधानसभा क्षेत्र के लिए कुल 70 स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक, मतदान किए गए ईवीएम और वीवीपैट की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। इनमें 24 घंटे तीन स्तरीय सुरक्षा की जा रही है