उज्जैन। भगवान भोलेनाथ के सबसे प्रिय माने जाने वाले महीने श्रावण की दूसरे सोमवार पर मध्यप्रदेश के सभी शिवालय में हर-हर महादेव से गूंजायमान हो उठे हैं। धार्मिक नगरी उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में अल सुबह से ही भक्तों का रेला उमड़ पड़ा है। भक्त से लेकर कांवड़िए तक बाबा का जलाभिषेक कर रहे हैं। बाबा महाकाल भी भक्तों को दर्शन के देने के लिए दो घंटे पहले जाग गए। सुबह 4.30 बजे उठने वाले महाकाल रात 2:30 बजे ही भक्तों को दर्शन के देने के लिए उठ गए। इसके बाद भस्म आरती विशेष पूजन-अभिषेक हुआ, जिसमें बाबा महाकाल का पंचामृत स्नान और श्रृंगार कर दिव्य आरती संपन्न करवाई गई।
भस्मारती के दौरान पूरी अवंतिका नगरी भक्ति में डूबी नजर आई। भस्म आरती के दौरान कार्तिकेय मंडपम् की अंतिम तीन पंक्तियों से चलित भस्मार्ती दर्शन की व्यवस्था की गई थी, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को दर्शन का लाभ मिला। इस अवसर पर भस्म आरती में बैठने के लिए 1700 श्रद्धालुओं को अनुमति दी गई, जबकि अन्य श्रद्धालुओं के लिए चलित भस्म आरती की विशेष व्यवस्था की गई। चलित भस्म आरती के दर्शन कर हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर अपने को धन्य माना और जय श्री महाकाल के उद्घोष से मंदिर परिसर को गुंजायमान कर दिया।
भगवान से आज्ञा लेकर खोले गए चांदी के गेट
आम लोगों के लिए सुबह 5 बजे से दर्शन शुरू हुए, जो देर रात तक शयन आरती तक चलेंगे। श्रावण के अन्य दिनों में मंदिर प्रातरू 3 बजे खुलता है, जबकि आम दिनों में यह समय 4 बजे होता है। महाकाल मंदिर के पुजारी पंडित अमर गुरु ने जानकारी देते हुए बताया कि सबसे पहले वीरभद्र की आज्ञा के साथ चांदी के गेट खोले गए। इसके पश्चात गर्भगृह में स्थित सभी देवताओं का पूजन कर भगवान महाकाल को जलाभिषेक और पंचामृत अर्पण किया गया। इसके बाद प्रथम घंटाल बजाकर ह्यहरि ओमह्ण जल चढ़ाया गया और कपूर आरती के साथ बाबा को फूलों की माला पहनाई गई।
भोलेनाथ का दिव्य दर्शन कराने लगाया गया विशेष भोग
श्रद्धालुओं को बाबा महाकाल के दिव्य दर्शन कराने के लिए महानिवार्णी अखाड़ा द्वारा भस्म अर्पित कर विशेष भोग लगाया गया। मंदिर समिति के अनुसार श्रावण मास के चलते देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु उज्जैन पहुंच रहे हैं और भस्म आरती के दर्शन के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक भक्त बाबा महाकाल के दर्शन कर सकें। श्रद्धा और भक्ति के इस महासंगम में हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और बाबा महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया।
शाम 4 बजे नगर भ्रमण पर निकलेंगे बाबा महाकाल
आज सोमवार शाम 4 बजे बाबा महाकाल की सवारी नगर भ्रमण पर निकलेगी। इस बार श्रावण-भादौ माह में कुल 6 बार बाबा नगर भ्रमण पर निकलेंगे। सवारी में 7 राज्यों के लोक नृत्य कलाकार अपने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत करेंगे। सवारी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी भाग लेंगे। जिससे भक्तों और प्रशासन दोनों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।