34 C
Bhopal

राहुल गांधी 3 जून को मप्र कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान की शुरुआत करेंगे

प्रमुख खबरे

सांसद और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी 3 जून को मध्यप्रदेश में कांग्रेस के सृजन संगठन अभियान की शुरूआत करेंगे।

मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल अपनी यात्रा के दौरान सुबह 11 बजे से शाम चार बजे के बीच यहां नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ एक के बाद एक पांच बैठकें करेंगे।

सिंघार ने कहा, ”यह अभियान कांग्रेस की नई शुरुआत और पुनरुत्थान के लिए एक ऐतिहासिक अध्याय साबित होगा। यह जमीनी स्तर पर पार्टी का कायाकल्प करेगा और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को बढ़ावा देगा। यह कवायद युवाओं, किसानों व मजदूरों आदि को कांग्रेस के साथ फिर से जोड़ने के लिए एक पुल का काम करेगा।’

उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त सभी पर्यवेक्षक, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य, राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्य और जिलाध्यक्ष अलग-अलग बैठकों में भाग लेंगे।

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘यह आयोजन सिर्फ एक बैठक नहीं होगी, बल्कि एक नई राजनीतिक विचारधारा की यात्रा की शुरुआत होगी। यह अगले चुनावी मुकाबले के लिए कांग्रेस को मजबूत करेगा।’

पार्टी के एक अन्य नेता ने कहा कि राहुल गांधी का दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब कांग्रेस राज्य के 55 जिलों में से कई में अध्यक्ष बदलने पर विचार कर रही है, जिनमें से कुछ 8-10 वर्षों से इस पद पर हैं।

साल 2024 के लोकसभा चुनावों में, भाजपा ने मध्यप्रदेश की सभी 29 सीटों पर जीत हासिल की, जिसमें वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का गृह क्षेत्र छिंदवाड़ा भी शामिल है।

कांग्रेस कमलनाथ के नेतृत्व में दिसंबर 2018 से मार्च 2020 के बीच 15 महीने की संक्षिप्त अवधि के लिए राज्य की सत्ता में थी। इसे छोड़कर, कांग्रेस 2003 से मध्य प्रदेश में सत्ता से बाहर है।

 

 

 

 

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे