30.6 C
Bhopal

पीएम पर आरोप लगा भाजपा के निशाने पर आए राहुल, नड्डा बोले-नेहरू-गांधी परिवार के ‘आत्मसमर्पणों’ से भरा इतिहास, सुधांशु ने भी किया वार

प्रमुख खबरे

नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर राहुल गांधी के ‘आत्मसमर्पण’ वाले बयान पर भाजपा ने जोरदार पलटवार किया है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को कहा कि इतिहास नेहरू-गांधी परिवार के ‘आत्मसमर्पणों’ से भरा रहा है। राहुल का यह बयान न केवल सशस्त्र बलों और देश का घोर अपमान है, बल्कि यह देशद्रोह से कम नहीं है।

भाजपा अध्यक्ष ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक के बाद एक कई पोस्ट कर लिखा कि यदि किसी पाकिस्तानी ने ऐसा दावा किया होता तो हम उस पर हंसते। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ‘आॅपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान में मचाई गई तबाही के बाद पाकिस्तान की जनता से लेकर उसकी सेना और उसके प्रधानमंत्री ने भी ऐसा कहने की हिम्मत नहीं की लेकिन राहुल गांधी ऐसा बोल रहे हैं! उन्होंने कहा, यह देशद्रोह से कम नहीं है।

आपका इतिहास ही ऐसा रहा
नड्डा ने ले लिखा कि राहुल गांधी, आत्मसमर्पण आप करते होंगे, आपकी पार्टी ने किया होगा, आपके नेताओं ने आत्मसमर्पण किया होगा क्योंकि आपका इतिहास ही ऐसा रहा है लेकिन भारत कभी आत्मसमर्पण नहीं करता। उन्होंने कहा, आत्मसमर्पण आपकी पार्टी कांग्रेस के शब्दकोश में है, आपके डीएनए में है। आपने आतंकवाद के सामने आत्मसमर्पण किया, शर्म-अल-शेख में आत्मसमर्पण किया, 1971 की लड़ाई जीतने के बाद शिमला में आत्मसमर्पण किया, सिंधु जल समझौते को लेकर आत्मसमर्पण किया, और यहां तक कि देश की आजादी के समय मुस्लिम लीग के भी सामने आत्मसमर्पण किया।

खतरनाक मानसिकता को दर्शाते हैं राहुल के बधन: सुधांशु त्रिवेदी
वहीं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस नेता ने पड़ोसी देश के समर्थन में बोलने के मामले में पाकिस्तानी सेना प्रमुख, उसके प्रधानमंत्री और वहां के आतंकवादी सरगनाओं को भी पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के कटाक्ष एक बीमार और खतरनाक मानसिकता को दर्शाते हैं। त्रिवेदी ने भारत की प्रतिष्ठा और उसके सशस्त्र बलों की वीरता को कमतर आंकने के लिए पाकिस्तानी सेना प्रमुख और प्रधानमंत्री के उपनामों का उपयोग करते हुए गांधी को राहुल मुनीर और राहुल शरीफ कहा। उन्होंने भारत का विभाजन, चीन और पाकिस्तान द्वारा भारतीय भूभाग पर कब्जा करने समेत कांग्रेस के शासनकाल में हुई ऐतिहासिक घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि इतिहास नेहरू-गांधी परिवार के ऐसे ‘आत्मसमर्पणों’ से भरा पड़ा है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की सराहना करते हुए उन्हें भारत मां के ‘मृगेंद्र’ (शेर) बताया।

भारत कभी नहीं कर सकता आत्मसमर्पण
त्रिवेदी ने कहा, राहुल गांधी और कांग्रेस का आत्मसमर्पण का इतिहास हो सकता है, लेकिन भारत कभी किसी के सामने आत्मसमर्पण नहीं करेगा। उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर भी स्पष्ट कटाक्ष किया, जिनके भारत और पाकिस्तान की ओर से सैन्य कार्रवाइयों को रोकने में मध्यस्थता के बार-बार के दावों ने विपक्ष को मोदी सरकार पर हमला करने का एक मौका दे दिया। भाजपा प्रवक्ता ने ट्रंप द्वारा यह ‘पोस्ट’ किए जाने का उल्लेख किया कि अमेरिका के उनके पूर्ववर्ती राष्ट्रपति जो बाइडन को 2020 में मार दिया गया था और उनकी जगह एक ‘रोबोट क्लोन’ को नियुक्त किया गया।

यह बोले थे राहुल गांधी
बता दें कि राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश में पार्टी के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंगलवार को आरोप लगाया था कि भारत-पाकिस्तान सैन्य संघर्ष के दौरान ट्रंप का फोन आने के बाद मोदी ने ‘आत्मसमर्पण’ कर दिया था। उन्होंने यहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में पार्टी के ‘संगठन सृजन अभियान’ की शुरुआत करने के बाद गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा था, ट्रंप का एक फोन आया और नरेन्द्र (मोदी) जी ने तुरंत आत्मसमर्पण कर दिया- इतिहास गवाह है। यही भाजपा-आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) का चरित्र है, ये हमेशा झुकते हैं।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे