भोपाल। मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री विजय शाह द्वारा सैन्य अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर दिए गए अपमानजनक बयान पर देशभर की सियासी पारा चढ़ा हुआ है। विपक्षी दल शाह और भाजपा पर जमकर हमला बोल रहे हैं। इन सबके बीच अब प्रदेश के डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने भी सेना को लेकर ऐसा बयान दे दिया है, जिससे विपक्ष को भाजपा को और घेरने का मौका मिल गया है। दरअसल देवड़ा ने जबलपुर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा है कि देश की सेना और सैनिक और पूरा देश उनके चरणों में नतमस्तक है। उनके इस बयान पर कांग्रेस ने दावा किया है देवड़ा सेना और जनता को पीएम मोदी के चरणों में नतमस्तक होने की बात कर रहे हैं जो देश की जनता और सेना का अपमान है।
बता दें कि डिप्टी सीएम देवड़ा गुरुवार को जबलपुर के दौरे पर थे। जहां, एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देवड़ा ने कहा कि मन में बहुत क्रोध था, जो नजारा हमने देखा, जो पर्यटक घूमने गए थे, वहां चुन-चुनकर, धर्म पूंछ-पूंछकर, महिलाओं को एक तरह खड़ा करके, बच्चों के सामने पुरुषों को गोली मार दी गई। उस दिन से देश के लोगों में बहुत तनाव था, जब तक इसका बदला नहीं लिया जाएगा। जिन आतंकवादियों ने माताओं का सिंदूर मिटाया, और आतंकवादियों को जो पाल रहे हैं, उनको जब तक नेस्तनाबूद नहीं करते, तब तक चैन की सांस नहीं लेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हम धन्यवाद देना चाहेंगे। देश की सेना और सैनिक उनके चरणों में नतमस्तक हैं, पूरा देश नतमस्तक है। उन्होंने जो जवाब दिया है, उसकी जितनी सराहना की जाए, उतनी कम है।
बयान पर अरुण यादव ने जताई आपत्ति
पूर्व मंत्री और कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव ने उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के बयान पर नाराजगी जताई है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि देश की सेना का अपमान किया गया है। इसे हिंदुस्तान सहन नहीं करेगा। इस बयान से भाजपा की सेना के प्रति सोच उजागर होती है।
सेना के अपमान वाला कथन
कांग्रेस नेता उमंग सिंघार ने डिप्टी सीएम देवड़ा के बयान का विरोध किया। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री का कथन सेना का अपमान करने वाला है। भाजपा को स्पष्ट करना चाहिए कि ये पार्टी के बयान है या इन नेताओं के स्वयं के हैं।
''जैसी नज़र वैसे नज़ारे होते हैं,
जैसे भाव होते हैं तो आपके सुनने के अर्थ भी वैसे ही हो जाते हैं।''कांग्रेस के लिए देश की सेना का कोई सम्मान नहीं है और ये हमने पहले भी देखा है। तो आज कांग्रेस के नेता वही प्रवृत्ति बता रहे हैं।
श्री जगदीश देवड़ा जी ने बिल्कुल ठीक कहा है। पूरा… pic.twitter.com/D7i0tt8MkU
— Ashish Usha Agarwal आशीष ऊषा अग्रवाल (@Ashish_HG) May 16, 2025
बयान पर भाजपा ने क्या कहा?
मप्र भाजपा मीडिया प्रभारी आशीष ऊषा अग्रवाल ने डिप्टी सीएम देवड़ा के बयान पर सफाई दी। उन्होंने कहा- जैसी नजर वैसे नजारे होते हैं, जैसे भाव होते हैं तो आपके सुनने के अर्थ भी वैसे ही हो जाते हैं। कांग्रेस के लिए देश की सेना का कोई सम्मान नहीं है और ये हमने पहले भी देखा है। आज भी कांग्रेस के नेता वही प्रवृत्ति बता रहे हैं। जगदीश देवड़ा ने बिल्कुल ठीक कहा है। पूरा देश, देश की सेना, सैनिकों के चरणों में नतमस्तक है जो उन्होंने पाकिस्तान को जवाब दिया है। अब कांग्रेसियों के मन में जो है, वही भाव निकलकर आएंगे। ये देश पूरी सेना के लिए अपने आपको कृतज्ञ महसूस करता है और भारतीय जनता पार्टी के नेता इसी बात को दोहरा रहे हैं।