मुंबई। मुंबई में मराठी न बोलने पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के कार्यकर्ताओं द्वारा युवक की पिटाई मामले में महाराष्ट्र की सियासत गरमाई हुई है। भाजपा ने मनसे चीफ राज ठाकरे को अपने निशाने पर ले लिया है। इतना ही नहीं फडणवीस सरकार में मंत्री नितेश राणे ने मनसे चीफ राज ठाकरे को चैलेंज भी दे दिया है कि हम हिन्दुओं के चैकीदार हैं, उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता है।
मुंबई के बोरीवली में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितेश राणे ने कहा कि महाराष्ट्र में एनडीए सरकार होते हुए हिंदुओं को कोई नहीं डरा सकता है। हम हिंदुओं के चैकीदार हैं। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज का कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता है, हम भी यहां खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार रहेगी, तभी देवताओं की रक्षा होगी। मुंबई का डीएनए हिंदू है और अब नगर निगम में सिर्फ भगवा झंडा ही रहेगा। उन्होंने कहा, मैं हिंदुओं के वोट से विधायक बना हूं। अगर मैं हिंदुओं की बात नहीं करूंगा तो किसकी करूंगा? मालवणी जाकर देखो, पहले वो कुछ दे भाऊ कहेंगे, फिर वही लोग तुम्हें बाप बनाने की कोशिश करेंगे। ये सांप हैं।
मदरसों से उर्दू हटाकर अनिवार्य करें मराठी
बाद में मीडिया से बात करते हुए नितेश राणे ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे को फिर चैलेंज किया। मीरा रोड में राज ठाकरे की सभा पर नितेश राणे ने कहा, सभी मदरसों से उर्दू हटाकर वहां मराठी अनिवार्य करो, तभी हमें यकीन होगा कि आपको महाराष्ट्र और मराठी से सच्चा प्यार है। सिर्फ दिखावटी मराठी बोलकर ढोंग करने की कोशिश मत करो, सबको सब समझ में आता है।
राउत-ठाकरे एक होकर लड़ने का कर रहे नाटक
राणे ने यह भी कहा कि जो मुस्लिम भाई राज ठाकरे की सभा में आए, अगर वाकई मराठी से प्रेम है तो अजान मराठी में शुरू करें। राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे पर नितेश राणे ने बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा, राउत और ठाकरे एक होकर लड़ने का नाटक कर रहे हैं, लेकिन जनता श्मातोश्री की नहीं और कलानगर की नहीं, हमारे साथ है। महाराष्ट्र की जनता ने हमें 10 महीने पहले वोट दिया है। हमें पाकिस्तान की जनता ने नहीं चुना।