भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात के माध्यम से देश की जनता को संबोधित किया। मध्यप्रदेश की जनता और भाजपा नेताओं ने भी पीएम मोदी के मन की बात के 122वें एपिसोड को सुना। भाजपा प्रदेश अध्यक्षवीडी शर्मा ने भोपाल के खटलापुरा मंदिर में मन की बात का श्रवण किया। भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर कुली भाईयों के साथ पीएम के कार्यक्रम को सुना। इन दौरान कुली तिरंगा भी लहरा रहे थे। वहीं जबलपुर में पीएम के मन की बात कार्यक्रम सेना के जवानों ने भी सुना। इस दौरान उनमें खासा उत्साह देखने को मिला।
वीडी शर्मा ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि सिंदूर आॅपरेशन के बाद देशभर में तिरंगा यात्रा ने देशभक्ति का वातावरण बनाया। वोकल फॉर लोकल पर फोकस रहा। मध्य प्रदेश में लोकल टूरिस्ट में बढ़ोत्तरी हुई। ड्रोन दीदी को स्काई वॉरियर्स के नाम में जाना जाएगा। वीडी शर्मा ने 21 जून को योग दिवस को लेकर तैयारियां के बारे में जानकारी भी दी। उन्होंने इकोनॉमी को लेकर कहा कि भारत आज चौथी अर्थव्यवस्था बन गया है। हम तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेंगे। पीएम मोदी के भोपाल दौरे को लेकर कहा कि देवी अहिल्याबाई होलकर के आदर्श शासन व्यवस्था पर आगे बढ़ रहे है।
जबलपुर में सेना के जवानों ने सुनी मन की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को लेकर सेना के जवानों में भी खासा उत्साह नजर आया। जबलपुर के वन एसटीसी सेंट्रल स्कूल के बत्रा आॅडिटोरियम में सैकड़ो की तादाद में जवानों ने एक साथ कार्यक्रम को सुना। भारतीय सेना के मध्य भारत कमान के जनरल आॅफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल पीएस शेखावत के साथ ही प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी मौजूद रहे।
मन की बात एक कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज-राष्ट्र के बीच सेतु- मंत्री राकेश
इस दौरान प्रधानमंत्री ने आॅपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए भारतीय सेना के शौर्य पराक्रम और साहस की जमकर सहाना की। इस मौके पर प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा है कि यूं तो वे हर बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुनते आ रहे हैं लेकिन इस बार का एपिसोड उनके लिए बेहद खास है क्योंकि उन्होंने सैनिकों के साथ मिलकर इस बार कार्यक्रम को सुना। मंत्री राकेश ने कहा कि मन की बात एक कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र के बीच एक सेतु के रूप में काम करता है।
स्टेशन पर सांसद ने कुली भाइयों के साथ किया श्रवण
रानी कमलापति स्टेशन पर के प्लेटफार्म नंबर एक पर भव्य नजारा देखा गया। भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने 200 से ज्यादा कुली भाइयों और उनके परिवार के साथ मन की बात कार्यक्रम का श्रवण किया। ट्रेन से उतरे यात्रियों ने कार्यक्रम को सुना। वहीं सांसद आलोक ने कुली भाइयों की समस्या भी सुनी। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी कुली भाइयों की जो भी समस्या है उनको दूर किया जाएगा। आलोक शर्मा ने कहा कि कुली भाइयों को समाज में उचित स्थान मिले। साथ ही उनको केंद्र और राज्य सरकार की सभी योजनाओं का लाभ मिले, उसके लिए हम विशेष तैयारी कर रहे हैं। स्वास्थ्य बीमा का लाभ हमारे हर कुली भाई को मिले और उनके परिवार को भी लाभ मिले, हम उचित व्यस्था करेंगे।