इंडिगो की फ्लाइटों के ग्राउंड होने का सिलसिला अब थोड़ा कम होने लगा है। लेकिन रविवार को भी इंडिगो की 600 से अधिक फ्लाइट कैंसल रहीं।
यात्रियों को अब अन्य दिनों की अपेक्षा कम दिक्कतों का सामना करना पड़ा, क्योंकि इंडिगो की तरफ से अब प्रभावित यात्रियों को उनकी फ्लाइट के कैंसिल और डिले होने के बारे में मेसेज पहुंचाए जाने लगे। दूसरी तरफ नागर विमानन मंत्रालय की फटकार का इंडिगो पर असर दिखाई दिया।
मंत्रालय की ओर से दिए गए बयान में बताया गया है कि इंडिगो की फ्लाइट सबसे अधिक ग्राउंड पांच दिसंबर को हुई थी। छह नवंबर को फ्लाइट उड़ने की संख्या 706 से बढ़कर 1565 हुई और रविवार को फ्लाइटों के टेक ऑफ होने की संख्या 1650 तक पहुंचने की उम्मीद जताई गई।
इंडिगो की प्रतिदिन 2300 से अधिक फ्लाइट उड़ती हैं। मंत्रालय ने बताया कि हवाई टिकटों के किरायों में बेतहाशा बढ़ोतरी देख। इसके लिए कैप लगा दी गई है। जिससे उपर कोई भी एयरलाइंस एयर टिकट के लिए पैसा नहीं वसूल सकती।
हालांकि, इसमें कुछ जगह अभी भी शिकायतें मिल रही हैं। सरकार ने बताया कि कैंसल हुई फ्लाइट की जगह दूसरी फ्लाइट लेने वाले यात्रियों से कोई अतिरिक्त चार्ज नहीं किया जाएगा।
मंत्रालय ने इंडिगो को निर्देश दिया था कि वह कुछ यात्रियों के मिस हुए लगेज का पता लगाकर उन्हें 48 घंटों के भीतर संबंधित यात्री तक पहुंचा दे। इसके तहत शनिवार तक पूरे भारत में यात्रियों को तीन हजार लगेज सफलतापूर्वक पहुंचाने का काम किया है। बाकी बचे लगेज को पहुंचाया जा रहा है।
सरकार ने बताया कि दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद, अहमदाबाद और गोवा के एयरपोर्ट डायरेक्टरों ने रविवार को सभी टर्मिनलों पर सामान्य स्थिति की पुष्टि की है।
यात्रियों की आवाजाही सुचारू बनी हुई है और चेक-इन, सुरक्षा या बोर्डिंग पॉइंट पर कोई भीड़भाड़ नहीं है। मंत्रालय का 24×7 कंट्रोल रूम काम कर रहा है, जहां प्रभावित यात्री मदद ले सकते हैं।



