नई दिल्ली। भारत के जैवलिन थ्रो स्टार नीरज चोपड़ा ने शुक्रवार को दोहा डायमंड लीग 2025 इतिहास रच दिया है। नीरज जैवलिन थ्रो इवेंट में दूसरा स्थान हासिल करने के बावजूद भी कीर्तिमान रच दिया है। दरअसल उन्होंने करियर में पहली बार 90 मीटर के आंकड़े को छू लिया है। नीरज ने मेन्स जैवलिन थ्रो इवेंट अपने तीसरे प्रयास में 90.23 मीटर का बेस्ट थ्रो किया। नीरज की इस उपलब्धि पर हर कोई उनकी तारीफ कर रहा है। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नाम भी शामिल है। पीएम मोदी ने नीरज के कीर्तिमान की तारीफ करते हुए कहा है कि उन्होंने मेहनत, अनुशासन और जुनून से यह उपलब्धि हासिल की है। भारत को उन पर गर्व है।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा- एक शानदार उपलब्धि! दोहा डायमंड लीग 2025 में 90 मीटर की दूरी पार करने और व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ थ्रो हासिल करने पर नीरज चोपड़ा को बधाई। यह उनकी अथक मेहनत, अनुशासन और जुनून का परिणाम है, भारत बेहद खुश और गर्वित है। प्रधानमंत्री के इस पोस्ट के साथ देशभर में नीरज की इस ऐतिहासिक थ्रो की सराहना की जा रही है। 90.23 मीटर की दूरी तय कर नीरज ने न केवल नया कीर्तिमान बनाया बल्कि जैवलिन थ्रो में एक नया अध्याय भी जोड़ दिया।
नीरज और वेबर के बीच दिखी टक्कर
27 वर्षीय दोहरे ओलंपिक पदक विजेता ने अपने तीसरे प्रयास में अपना भाला 90.23 मीटर तक फेंका, जबकि वेबर ने अपने आखिरी प्रयास में 91.06 मीटर का थ्रो फेंका। उनके मौजूदा कोच चेक गणराज्य के यान जेलेज्नी 90 मीटर से अधिक का थ्रो फेंकने वाले भालाफेंक खिलाड़ियों में शीर्ष पर हैं। टोक्यो ओलंपिक चैम्पियन चोपड़ा 90 मीटर पार करने वाले दुनिया के 25वें और एशिया के तीसरे खिलाड़ी बन गए। ओलंपिक चैंपियन पाकिस्तान के अरशद नदीम (92.97 मीटर) और चीनी ताइपै के चाओ सुन चेंग (91.36) ही एशिया के दो अन्य खिलाड़ी हैं जो 90 मीटर से अधिक का थ्रो फेंक चुके हैं।
नीरज के सामने यह थे चुनौती
दोहा डायमंड लीग में नीरज चोपड़ा के सामने एंडरसन पीटर्स (ग्रेनाडा), जैकब वाडलेच (चेक गणराज्य), जूलियन वेबर और मैक्स डेहनिंग (दोनों जर्मनी), जूलियस येगो (केन्या), रोड्रिक डीन (जापान) जैसे खिलाड़ियों की चुनौती थी। पेरिस ओलंपिक 2024 के स्वर्ण पदक विजेता पाकिस्तान के अरशद नदीम ने दोहा डायमंड लीग में भाग नहीं लिया। इससे पहले नीरज चोपड़ा का सर्वश्रेष्ठ निजी प्रदर्शन 89.94 मीटर था। यह थ्रो उन्होंने साल 2022 में स्टॉकहोम डायमंड लीग में किया था। नीरज चोपड़ा ने सबसे पहले 2018 में दोहा डायमंड लीग में भाग लिया था और चौथे स्थान पर रहे थे। उन्होंने 2023 में यहां पहला स्थान हासिल किया, जबकि 2024 में वो दूसरे स्थान पर रहे।