न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर भारतीय टीम एक बार फिर से टी20 की विश्व चैंपियन बन गई है। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 255 रन बनाए थे। न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में केवल 159 रन ही बना सकी। इस तरह ने लगातार दूसरी बार इस खिताब पर कब्जा किया है।
भारतीय टीम ने जहां पहले बल्लेबाजी में कमाल किया, वहीं इसके बाद गेंदबाजी में भी कमाल किया। जसप्रीत बुमराह एक बार फिर हीरो साबित हुए। उन्होंने चार ओवर में 15 रन देकर चार विकेट हासिल किए। अक्षर ने तीन ओवर में 27 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए। वरुण चक्रवर्ती और अभिषेक शर्मा के अलावा हार्दिक पांड्या ने भी एक एक विकेट लिया।
इससे पहले टीम इंडिया के लिए एक बार फिर संजू सैमसन ने धमाकेदार बल्लेबाजी की। इस बार उन्हें अभिषेक शर्मा और फिर ईशान किशन का भी साथ मिला। संजू सैमसन ने केवल 46 बॉल पर 89 रनों की पारी खेली। इसमें पांच चौके और आठ छक्के उन्होंने लगाए। अभिषेक शर्मा ने भी अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। उन्होंने 21 बॉल पर 52 रन बनाए। उनके बल्ले से छह चौके और तीन छक्के आए। ईशान किशन ने भी 25 बॉल पर 54 रनों की अच्छी पारी खेली। ईशान ने चार चौके और चार छक्के लगाए।
एक वक्त टीम इंडिया 270 के स्कोर के पार जाती हुई नजर आ रही थी, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव बिना खाता खोले आउट हो गए। वहीं हार्दिक पांड्या की भी एक धीमी पारी आई। हार्दिक ने 13 बॉल पर 18 रन बनाए। तिलक वर्मा छह बॉल पर 8 रन बनाकर नाबाद लौटे।
जब लग रहा था कि टीम इंडिया शायद 250 से ज्यादा रन बना पाए, तभी शिवम दुबे ने मोर्चा संभाला। आखिरी दो ओवर में उन्होंने धमाकेदार बल्लेबाजी की। उन्होंने केवल 8 बॉल पर 26 रन ठोक दिए। इसमें तीन चौके और दो छक्के शाामिल रहे। आखिरी ओवर में भारत ने कुल 24 रन बनाए।



