मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 19 जून, गुरुवार को इंदौर में कई बड़ा ऐलान किया। सीएम ने ऐलान किया कि दिवाली तक लाड़ली बहना योजना की मासिक राशि बढ़ाकर 1500 रुपए कर दी जाएगी और साल 2028 तक यह ₹3000 प्रतिमाह कर दी जाएगी।
₹1000 प्रतिमाह से की थी शुरुआत
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि लाड़ली बहना योजना को लेकर सरकार अपने वादे पर अडिग है और इसे चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। हमने इस योजना की शुरुआत 1000 प्रतिमाह से की थी। बाद में इसे 1250 किया गया और रक्षाबंधन पर अतिरिक्त 250 दिए। अब दिवाली से इसे 1500 किया जाएगा और आगे हर साल इसमें बढ़ोतरी की जाएगी। 2026, 2027 और 2028 में इसे 3000 कर देंगे।
सोमवार को जारी हुई 25वीं किस्त
सोमवार को ही मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत 1.27 करोड़ बहनों के खातों में 25वीं किस्त ट्रांसफर की जा चुकी हैं। सिंगल क्लिक के माध्यम से बहनों को कुल 1551.44 करोड़ रुपए बैंक खातों में ट्रांसफर किए गए थे।
रक्षाबंधन पर खातों में आएंगे 1500
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में रक्षा बंधन के अवसर पर शगुन के रूप में बहनों को 250 रुपए अतिरिक्त बढ़ाकर दिए जाएंगे। यानी रक्षा बंधन पर बहनों के खातों में बढ़कर कुल 1500 रुपए आएंगे। इस योजना में पात्र महिला के खाते में हर महीने 1250 रुपए ट्रांसफर किए जा रहे हैं।
पात्रता और नियम
आयु सीमा: 1 जनवरी 2023 को आयु 21 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
निवास: केवल मध्यप्रदेश की स्थानीय निवासी महिलाएं पात्र हैं।
वैवाहिक स्थिति: विवाहित, विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाएं शामिल हैं।
आय: परिवार की वार्षिक आय ₹2.5 लाख से अधिक नहीं होनी चाहिए।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन: यदि कोई महिला पहले से किसी पेंशन योजना के तहत ₹1250 से कम राशि पा रही है, तो उसे लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत ₹1250 तक की राशि दी जाएगी।