नई दिल्ली। देश के महान अर्थशास्त्री और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पंचतत्व में विलीन हो गए हैं। दिल्ली के निगमबोध घाट पर शनिवार को राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। पूर्व पीएम की बड़ी बेटी उपिंदर सिंह ने मुखाग्नि दी। जबकि तीनों सेनाओं ने मनमोहन सिंह के पार्थिव देह को सलामी दी। वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम नरेन्द्र मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने निगम बोध घाट पर मनमोहन सिंह को दी अंतिम श्रद्धांजलि दी। अंत्येष्टि में सोनिया, राहुल और प्रियंका गांधी भी मौजूद रहीं। उनकी यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा था। जहां तक देखों जनता ही जनता दिखाई दे रही थी।
निगमबोध घाट पर मनमोहन सिंह की पत्नी गुरशरण कौर, बड़ी बेटी उपिंदर सिंह, दूसरी बेटी दमन सिंह और तीसरी बेटी अमृत सिंह निगमबोध घाट पर मौजूद थीं। पूर्व पीएम को भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और मॉरीशस के विदेश मंत्री धनंजय रामफुल समेत कई विदेशी मेहमानों ने भी निगम बोध घाट पर श्रद्धांजलि दी। पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को चीफ आॅफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान के साथ-साथ तीनों सेनाओं के चीफ ने भी श्रद्धांजलि दी।
अंतिम संस्कार से पहले कांग्रेस मुख्यालय गया पार्थिव शरीर
अंतिम संस्कार से पहले मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर को कांग्रेस मुख्यालय लाया गया। यहां करीब एक घंटे तक पार्थिव शरीर रखा गया। कांग्रेस कार्यकतार्ओं के साथ-साथ आम लोगों ने भी उनके अंतिम दर्शन किए। इसके बाद कांग्रेस मुख्यालय से निगम बोध घाट तक करीब 11 किलोमीटर लंबी अंतिम यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में राहुल गांधी खुद शामिल हुए। मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा के दौरान पूरे समय पुलिस और सुरक्षाबलों के जवान यात्रा के साथ-साथ चलते रहे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए आज दिल्ली की ट्रैफिक पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय से लेकर निगम बोध घाट तक कई सड़कों को डायवर्ट कर दिया था।
एम्स में कराया गया था भर्ती
बता दें कि बुधवार की शाम पूर्व पीएम मनमोहन सिंह की तबीयत खराब हो गई थी। अचानक बेहोश हो जाने के बाद उन्हें दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रात 9.51 बजे उनका निधन हो गया। निधन की जानकारी सामने आने के बाद प्रधानमंत्री मोदी से लेकर तमाम कैबिनेट मंत्रियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। अगले दिन यानी 27 दिसंबर को पीएम मोदी के साथ-साथ कई दिग्गज उनके घर पहुंचे और मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी।