भोपाल। रामनवमी के मौके पर मुख्यमंत्री मोहन यादव रविवार को मैहर पहुंचे। जहां उन्होंने मां शारदा देवी के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। सीएम ने देवी धाम को लेकर कई बड़े ऐलान भी किया। उन्होंने घोषणा की है कि मैहर में मां शारदा देवी का भव्य शारदा लोक और 250 एकड़ में विशाल गौशाला का निर्माण किया जाएगा। वहीं सीएम कहा कि परमवीर आल्हा का 1300वां जन्म वर्ष साल भर मनाया जाएगा। इसके अलावा सीएम मैहर में कलेक्ट्रेट भवन निर्माण की भी घोषणा की।
सीएम ने कहा कि मप्र सरकार ने बहनों की माँग पर मैहर सहित प्रदेश के 19 धार्मिक क्षेत्रों में शराबबंदी कर दी है। मैहर में शीघ्र ही कलेक्ट्रेट भवन का निमार्ण कार्य शुरू किया जायेगा। इसी साल बरगी बांध से माँ नर्मदा का जल मैहर क्षेत्र में सिंचाई के लिए पहुंचाया जायेगा। प्रदेश में सिंचाई के क्षेत्र में तेजी से प्रगति हुई है। वर्ष 2003 में केवल 7 लाख हेक्टेयर में सिंचाई सुविधा थी, जिसे 55 लाख हेक्टेयर तक बढ़ाया गया है। विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से अगले 5 साल में प्रदेश में 1 करोड़ हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी। मैहर में 250 एकड़ क्षेत्र में विशाल गौशाला का निर्माण भी किया जायेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मां शारदा की कृपा से मैहर जिले को मॉडल के रूप में विकसित किया जायेगा। रामनवमीं पर माँ शारदा से मुझे आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला है। आज हम रामनवमीं के साथ मां शारदा के परम भक्त और परमवीर आल्हा का 1300वां जन्म वर्ष भी मना रहे हैं। आल्हा ने अपनी वीरता से बुंदेलखण्ड की धरती को वीरों की धरती बनाया। प्रदेश में आल्हा के जीवन से जुडे कार्यक्रम वर्ष भर आयोजित किये जायेंगे, जिसका पूरा खर्च सरकार उठायेगी। उन्होंने कहा कि लोक कलाकारों ने भी वीर रस से भरे हुए मोहक आल्हा गायन से युद्धों का सजीव वर्णन किया। ऐसा लग रहा था जैसे सचमुच में तलवारें चल रही हैं। मुख्यमंत्री ने मंच में आल्हा कार्यक्रम की प्रस्तुति देने वाली कला-मण्डलियों को 50-50 हजार रुपए देने की घोषणा की।
मैहर में नए संस्थानों की जाएगी स्थापना
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश तेजी से विकास कर रहा है। मध्यप्रदेश में वर्ष 2003 के पहले औद्योगिक विकास दर 1 प्रतिशत से भी कम थी। आज औद्योगिक विकास दर 12 प्रतिशत है। मध्यप्रदेश देश में सबसे तेजी से औद्योगिक विकास करने वाला राज्य है। हर संभाग मुख्यालय में इन्वेस्टर्स मीट में औद्योगिक क्षेत्र में निवेश के बडे प्रस्ताव मिले है। औद्योगिक विकास के लिए मैहर में नए संस्थानों की स्थापना की जायेगी। ऊर्जा के क्षेत्र में प्रदेश में 32 लाख सोलर पंप लगाकर किसानों को मुफ्त में बिजली देंगे। किसानों के पास यदि उनके उपयोग से अधिक बिजली पैदा हुई तो उसे खरीदकर रुपए भी सरकार देगी।
रोड शो में शामिल हुए मोहन
सीएम ने मैहर में मंदिर पहुंचकर माँ शारदा देवी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मैहर नगर में स्टेट बैंक चौराहा, काली माता मंदिर से कटरा बाजार होते हुए घंटाघर चौक तक आयोजित रोड-शो में शामिल हुए। आम जनता ने पुष्पवर्षा कर शराब बंदी करने के लिए मुख्यमंत्री का स्वागत कर आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बंधा बैरियर में आयोजित विशाल आमसभा में 71 करोड़ से अधिक लागत के निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कन्या-पूजन कर बेटियों का सम्मान किया। विभिन्न योजनाओं में हितलाभ का वितरण किया।