भोपाल। राजधानी भोपाल में 24-25 फरवरी को होने जा रही ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को लेकर जमकर सियासत हो रही है। कांग्रेसी नेता जीआईएस को लेकर लगातार सवाल खड़े कर रहे है। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और पूर्व सीएम कमलनाथ के बाद अब कांग्रेस के दिग्गज नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने जीआईएस को लेकर कई सवाल उठाए हैं। शुक्रवार को नीमच जिले के दौरे पर दिग्विजय सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कि कहा कि जीआईएस के नाम पर प्रदेश सरकार करोड़ों रुपये बर्बाद कर रही है। यह केवल अधिकारियों और पूंजीपतियों के बीच संपर्क बनाने का जरिया है, जिसका फायदा भाजपा के लोग उठाते हैं। उन्होंने शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में हुए एमओयू का हिसाब मांगा।
बता दें कि दिग्विजय सिंह कल शुक्रवार को नीमच के दौरे पर पहुंचे। जहां उन्होंने जिला कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। इसके बाद दिग्विजय सिंह ने मीडिया से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को लेकर कई सवाल उठाए। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौरसिया, पूर्व विधायक डॉ. संपत स्वरूप जाजू समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। वहीं दिग्गी ने किसानों को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सिर्फ पूंजीपतियों की सरकार है। भाजपा सरकार में किसानों द्वारा खून पसीना बहाकर उगाई जा रही सोयाबीन के दाम घट रहे हैं। तेल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने काले धन को वापस लाने के मोदी के वादे और सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों का भी मुद्दा उठाया
मोहन बोले- कांग्रेस जा रही रसातल में
दिग्गी के इस आरोप पर भाजपा ने भी पलटवार किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस अलग-अलग बहानों से अपनी जमीन खोज रही है। वे रसातल में जा रहे हैं। इधर, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा देश की समृद्धि और विकास में रोड़े अटकाए। सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को खुद के गिरेबां में झांकना चाहिए। कांग्रेस ने देश की समृद्धि और विकास में कितने रोड़े अटकाए थे। रीवा, जबलपुर, ग्वालियर सहित अन्य जगहों पर इन्वेस्टर्स मीट हो चुकी हैं। अब भोपाल में हो रही है। इसका स्वागत करने के बजाय इतनी नकारात्मक प्रवृत्ति कांग्रेस या कोई भी राजनीतिक दल रखेगा तो उनकी स्थिति भी देश की जनता के हृदय स्थल में उनकी सोच की तरह वही स्थान बनाएगी।