मध्यप्रदेश मंत्रालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए.
इस बैठक में राज्य के विकास, निवेश, सांस्कृतिक उत्सवों और शहीदों के सम्मान से जुड़ी कई अहम योजनाओं को मंजूरी दी गई.
नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बैठक के बाद इन फैसलों के बारे में जानकारी दी, जिससे राज्य में बदलाव और प्रगति की नई राह खुलने की उम्मीद जताई जा रही है.
राज्यभर में विशेष आयोजन
कैबिनेट बैठक का पहला प्रमुख फैसला गीता जयंती को लेकर था. अब पूरे मध्यप्रदेश में 1 दिसंबर को गीता जयंती बड़े धूमधाम से मनाई जाएगी.
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि गीता न केवल आध्यात्मिकता की गहरी समझ प्रदान करती है, बल्कि यह ‘मानव धर्म’ और ‘जीवन की मास्टर की’ है.
इसके अलावा, मध्यप्रदेश सरकार हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में भी सक्रिय रूप से भाग लेगी.
यह कदम राज्य में सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए लिया गया है.



