भारत सरकार ने पासपोर्ट सेवाओं को आधुनिक बनाने के लिए पासपोर्ट सेवा 2.0 के तहत E-Passport को लॉन्च कर दिया है। यह कदम वैश्विक स्तर पर यात्रा सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अब हर नए पासपोर्ट आवेदन या नवीनीकरण पर नागरिकों को इलेक्ट्रॉनिक चिप लगा हुआ स्मार्ट पासपोर्ट जारी किया जाएगा। यह बदलाव न केवल पहचान की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा साथ ही अंतरराष्ट्रीय यात्रा को भी आसान बनाएगा।
क्यों खास है E-Passport?
E-Passport की खासियत इसकी कवर में एम्बेडेड माइक्रोचिप है, जिसमें यात्री की डिजिटल फोटो, फिंगरप्रिंट और अन्य बायोमेट्रिक जानकारी दी होगी। यह चिप वैश्विक सुरक्षा मानकों के अनुसार डिजाइन की गई है, जिससे छेड़छाड़ या नकली पासपोर्ट बनाना लगभग असंभव हो जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर इमिग्रेशन प्रक्रिया अब पहले से कहीं अधिक तेज हो जाएगी, क्योंकि चिप से डेटा को तुरंत स्कैन किया जा सकेगा। एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह तकनीक धोखाधड़ी को रोकने में क्रांतिकारी साबित होगी, साथ ही यात्रियों को विश्वसनीय पहचान देगी।
ई-पासपोर्ट के लिए आवेदन फीस?
सरकार ने ई-पासपोर्ट की फीस को पुराने स्तर पर ही रखा है, ताकि आम नागरिकों पर कोई अतिरिक्त बोझ न पड़े।
एक सामान्य 36 पेज वाली बुकलेट के लिए 1,500 रुपये, जबकि 60 पेज वाली बुकलेट के लिए 2,000 रुपये देने होंगे। तत्काल सेवा चुनने पर यह रकम 3,500 और 4,000 रुपये तक बढ़ सकती है।
क्या है योग्यता?
योग्यता के मामले में कोई प्रतिबंध नहीं रखा गया है। भारत का कोई भी नागरिक, चाहे नवजात शिशु हो या 75 साल का वरिष्ठ, आवेदन कर सकता है। वरिष्ठ नागरिकों को अपॉइंटमेंट में प्राथमिकता दो जाती है.
क्या है नवीनीकरण प्रक्रिया?
अगर आपका मौजूदा पासपोर्ट वैध है, तो इसे तुरंत बदलने की जरूरत नहीं है। पुराना पासपोर्ट अपनी वैधता अवधि तक काम करता रहेगा। नया ई-पासपोर्ट तब जारी होगा जब पुराना खत्म हो जाएगा या फिर खो जाएगा।
ई-पासपोर्ट के लिए कैसे करेंगे आवेदन?
आवेदन के लिए आपको आधार कार्ड, पैन कार्ड और जन्म प्रमाणपत्र जैसे बुनियादी दस्तावेज जरुरत होगी। हालांकि, आवेदक का कोई गंभीर आपराधिक रिकॉर्ड नहीं होना चाहिए, नहीं तो आवेदन रद हो सकता है।
आवेदन ऑनलाइन पोर्टल passportindia.gov.in के माध्यम से किया जाएगा, जहां अपॉइंटमेंट बुकिंग और दस्तावेज अपलोड की सुविधा दी जाएगी।



