भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव को लेकर स्थिति साफ हो गई। दरअसल सीएस अनुराग जैन को एक साल का एक्सटेंशन मिल गया है। अब वह 2026 तक मप्र के सीएस पद बने रहेंगे। अनुराग जैन के कार्यकाल में बढ़ोतरी होने की जानकारी खुद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर दी। साथ ही शुभकामनाएं भी दी है। सीएम ने एक्स पर लिखा कि आपके दीर्घ प्रशासनिक अनुभव, नवाचारों और सतत प्रयासों से प्रदेश की विकास यात्रा निरंतर नए प्रतिमान स्थापित करे, मेरी मंगलकामनाएं।
बता दें मुख्य सचिव अनुराग जैन 31अगस्त को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। राज्य सरकार ने उनके एक्सटेंशन (सेवावृद्धि) का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा। जिसे मंजूर कर लिया गया है। अनुराग जैन को एक्सटेंशन मिलने के बाद अब अगस्त 2026 तक पद पर बने रहेंगे। इससे पहले प्रदेश में हाल ही में इकबाल सिंह बैंस, वीरा राणा को भी सेवा विस्तार दिया गया था। इकबाल सिंह बैंस को तो कई बार एक्सटेंशन मिला था।
इकबाल सिंह को कई बार मिला एक्सटेंशन
नवंबर 2022 में जब इकबाल सिंह बैस रिटायर हो रहे थे, तब उनके सेवा विस्तार को लेकर लंबे समय तक संशय रहा। रिटायरमेंट के आखिरी दिन ही उन्हें 6 माह का विस्तार दिया गया। सितंबर 2023 में बैस के विस्तार की अवधि पूरी होने से पहले ही वीरा राणा को प्रभारी मुख्य सचिव बनाया गया। हालांकि राणा को भी तीन हफ्ते पहले ही छह माह का विस्तार मिल गया। सितंबर 2024 में जब राणा का कार्यकाल खत्म हुआ, उसी दिन अनुराग जैन को मुख्य सचिव नियुक्त किया गया। अब अनुराग जैन को रिटायरमेंट के तीन दिन पहले एक साल का सेवा विस्तार दिया गया।
पहले पीएमओ में काम कर चुके जैन
मुख्य सचिव अनुराग जैन का नाम उन अधिकारियों में गिना जाता है, जिन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ टीम में काम किया है। प्रशासनिक अधिकारियों के बीच उन्हें प्रधानमंत्री की पसंद और भरोसेमंद अफसर के रूप में देखा जाता है। अनुराग जैन पहले प्रधानमंत्री कार्यालय में काम कर चुके हैं और उच्च स्तर पर उनकी पहचान मजबूत है। इसलिए अटकलें लगाई जा रही थी कि उनको एक्सटेंशन मिलने की संभावना ज्यादा है और यदि एक्सटेंशन नहीं मिलता है तो उनके अनुभव का लाभ केंद्र में कहीं लिया जा सकता है। हालांकि चर्चा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ही अनुराग जैन के सेवा विस्तार के लिए पहल की। उनकी तरफ से ही सेवा विस्तार का प्रस्ताव बढ़ाया गया है।
शिवराज सरकार में दो बार रह चुके हैं सचिव
जैन मप्र के तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के दो बार सचिव रह चुके हैं। वे भोपाल के कलेक्टर भी रहे हैं। जैन वित्त प्रबंधन के अच्छे जानकार माने जाते हैं। यही वजह है कि 2019 में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटने के बाद कमलनाथ सरकार ने उन्हें वित्त विभाग की जिम्मेदारी सौंपी थी। लेकिन मई 2020 में वे फिर से प्रतिनियुक्ति पर केंद्र चले गए। अनुराग जैन ने दिसंबर 2013 से फरवरी 2014 तक भारतीय निर्यात-आयात बैंक के कार्यवाहक अध्यक्ष और कार्यवाहक प्रबंध निदेशक के रूप में भी काम किया है।