30.1 C
Bhopal

दिल्ली को कल मिलेगा नया सीएम, ताजपोशी होगी 20 को: पर चेहरे को लेकर सस्पेंस अब भी बरकरार, शपथ ग्रहण की तैयारियां जोरों पर

प्रमुख खबरे

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के नए मुख्यमंत्री की ताजपोशी गुरुवार को होगी। शपथ ग्रहण समारोह रामलीला मैदान में आयोजित किया जाएगा। शपथ समारोह को भव्य बनाने के लिए तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। खास बात है कि भाजपा हाईकमान ने अब तक सीएम के नाम का ऐलान नहीं किया है। जिसको लेकर चर्चाओं का बाजार भी गर्म है कि भाजपा किसके सिर पर दिल्ली का ताज सजाएगी। हालांकि उम्मीद की जा रही है कि कल यानि बुधवार को होने वाले भाजपा विधायक दल की बैठक में सीएम के नाम का ऐलान हो जाएगा। सूत्रों का यह मानना है कि भाजपा मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ की तरह दिल्ली में भी चौंका सकती है।

भाजपा की मानें तो नई सरकार के गठन की तैयारी पूरी कर ली गई है। शपथ समारोह की तारीख और जगह तय होने के बाद पार्टी ने मेहमानों की सूची को भी अंतिम रूप दे दिया गया है। शपथ समारोह में 20 हजार लोगों को जुटाने की योजना बनाई जा रही है। बताया जा रहा है कि शपथ ग्रहण समारोह में 3 मंच बनाए जाएंगे। एक बड़ा मंच 40X24 का होगा। वहीं, दो मंच 30X40 के होंगे। मंच पर लगभग 100 से 150 कुर्सियां लगाई जाएंगी। जबकि आम लोगों के बैठने के लिए करीब 30 हजार कुर्सियां लगाई जाएंगी। शपथ ग्रहण समारोह का समय 20 फरवरी को शाम 4.30 बजे निर्धारित किया गया है।

शपथ ग्रहण में पहुंचेंगे ये वीवीआईपी
बताया जा रहा है कि रामलीला मैदान की तरफ जाने वाले सभी रास्ते 19 फरवरी की रात से ही बंद हो जाएंगे। सिर्फ वीवीआईपी गाड़ियों को ही प्रवेश मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित 50 से ज्यादा हाई सिक्योरिटी वाले नेता भी रामलीला मैदान पहुंचेंगे। इस शपथ ग्रहण समारोह में 20 राज्यों के मुख्यमंत्री भी पहुंचेंगे। सभी केंद्रीय मंत्रियों, एनडीए नेताओं को भी बुलाया गया है। शपथ समारोह में प्रसिद्ध उद्योगपति मुकेश अंबानी, गौतम अडानी सहित एक दर्जन उद्योगपति भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा बाबा रामदेव, स्वामी चिदानंद, बाबा बागेश्वर धीरेन्द्र शास्त्री को भी शपथ ग्रहण समारोह में बुलाया जा रहा है।

27 साल बाद सत्ता, समारोह को खास बनाने की तैयारी
करीब 27 साल बाद देश की राजधानी में सत्ता हासिल करने के बाद नए सरकार के शपथग्रहण समारोह को खास बनाने की तैयारी भी शुरू हो गई है। भाजपा की योजना हरियाणा में हुए शपथग्रहण की तरह ही दिल्ली में राजग का शक्ति प्रदर्शन कराने की है। नए सीएम के शपथ में खुद पीएम नरेंद्र मोदी, भाजपा और एनडीए शासित 21 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, कई उद्योगपति, फिल्मी सितारे और खिलाड़ी मौजूद रहेंगे।

दिल्ली सीएम की रेस में ये नाम
दिल्ली के सीएम रेस में जो नाम हैं, उनमें प्रवेश वर्मा सबसे आगे हैं। जिन्होंने नई दिल्ली सीट पर अअढ प्रमुख अरविंद केजरीवाल को हराया। वहीं दिल्ली भाजपा के महासचिव और जनकपुरी विधायक आशीष सूद के नाम की भी चर्चा है, जो केंद्रीय नेताओं के साथ अपने घनिष्ठ संबंधों के लिए जाने जाते हैं। इसी तहर महिला चेहरा के रूप में शालीमार बाग से विधायक रेखा गुप्ता को भी मुख्यमंत्री पद का दावेदार माना जा रहा है। रोहिणी विधायक विजेंदर गुप्ता के नाम की भी चर्चा चल रही है, जो दिल्ली बीजेपी के सबसे वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं और दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता रह चुके हैं। मालवीय नगर से विधायक सतीश उपाध्याय भी इस रेस में शामिल हैं, जो पार्टी के एक प्रमुख ब्राह्मण चेहरा और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं। वहीं वैश्य समुदाय से आने वाले ओर आरएसएस के एक मजबूत प्रतिनिधि जितेंद्र महाजन भी मुख्यमंत्री पद के शीर्ष दावेदारों में शामिल हैं। इनके अलावा शिखा रॉय, जिन्होंने ग्रेटर कैलाश में आप के सौरभ भारद्वाज को हराकर जीत हासिल की, कथित तौर पर एक और प्रमुख महिला चेहरा हैं जिन पर विचार चल रहा है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे