32.3 C
Bhopal

अहिल्या वाहिनी महिला बाइक रैली को सीएम ने दिखाई हरी झंडी, बोले- यह रैली महिला सशक्तिकरण का प्रतीक

प्रमुख खबरे

भोपाल। पुण्यश्लोक महारानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती उपलक्ष्य में शुक्रवार को प्रदेशव्यापी महिला बाइक रैली ‘अहिल्या वाहिनी’ का आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शौर्य स्मारक से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंंने महिला बाईकर्स का सम्मान भी किया और सड़क सुरक्षा के प्रतीक स्वरूप एक महिला दो पहिया चालक को हेलमेट भी भेंट किया। कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश पुलिस आॅर्केस्ट्रा ने देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं पुलिस बैंड की धुन के साथ भव्य सीएम का स्वागत किया गया। इस दौरान सीएम ने मां तुझे प्रणाम योजना के अंतर्गत महिला प्रतिभागियों की बस को भी झंडी दिखाकर रवाना किया। ग्वालियर चंबल संभाग की महिलाएं प्रदेश के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेंगी।

शौर्य स्मारक में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम डॉ. यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति में नारी शक्ति को सदैव उच्च स्थान प्राप्त रहा है। लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के पावन अवसर पर निकाली जा रही अहिल्या वाहिनी महिला बाइक रैली महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है। यह रैली, समृद्ध भारतीय संस्कृति में विद्यमान नारी सम्मान और महिला की सशक्त छवि की अभिव्यक्ति भी है। लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर हर काल में सुशासन की प्रतीक रही है। जब विदेशी आक्रांता दिल्ली से बैठकर भारत पर शासन कर रहे थे, तब लोकमाता ने महिला सशक्तिकरण की अद्भुत मिसाल पेश की। रानी दुर्गावती, वीरांगना लक्ष्मीबाई और रानी अवंती बाई ने भी नारी सम्मान को ऊंचाई दी।

महान शासिका थीं लोकमाता
सीएम ने कहा कि महारानी अहिल्याबाई एक आदर्श बहू, आदर्श मां, आदर्श पत्नी और महान शासिका थीं। उन्होंने अपने व्यक्तिगत दु:खों को शक्ति में बदलते हुए नारी सशक्तिकरण, महिला शिक्षा, धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार और जनकल्याण के अनेक कार्य किए। मां अहिल्या ने अपनी प्रशासनिक दक्षता और सामाजिक समर्पण से बताया कि इच्छाशक्ति और सेवा भाव से ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है। कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री कृष्णा गौर, सांसद आलोक शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। रैली शौर्य स्मारक से शुरू होकर न्यू मार्केट, रोशनपुरा, जवाहर चौक, अटल पथ, प्लेटिनम प्लाजा चौराहा, व्यापमं चौराहा होते हुए फिर शौर्य स्मारक पर खत्म होगी।

मप्र सरकार ने विरासत से विकास का संकल्प लिया
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी 31 मई को देवी अहिल्याबाई की 300वीं जयंती के अवसर पर आयोजित महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में शामिल होने भोपाल आ रहे हैं। राज्य सरकार ने विरासत से विकास का संकल्प लिया है। पीएम मोदी महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध हैं। राज्य सरकार भी इस दिशा में ऐतिहासिक परंपरा का अनुसरण करते हुए गतिविधियां संचालित कर रही है। लोकमाता देवी अहिल्याबाई द्वारा धर्मस्थलों का निर्माण, खेती और हाथकरघा उद्योगों में महिलाओं को सशक्त करना तथा जनजातीय अंचल में भील पलटन की स्थापना करने जैसे उदाहरण हमारे सामने हैं। प्रदेश पुलिस में बहनों की बढ़ती मौजूदगी से पुलिस की क्षमता, दक्षता और समाज में स्वीकार्यता बढ़ेगी।

खजुराहो सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि आॅपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर आयोजित महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में पधार रहे हैं। सभी माताओं-बहनों को इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया जा रहा है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे