दुबई। आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल मुकाबला आज रविवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। यह हाईबोल्टेज मैच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय समयानुसार दोपहर 2.30 बजे से खेला जाएगा। आठ साल बाद खेले जा रहे इस महामुकाबले को जीतने के लिए दोनों ही टीमें एड़ी चोटी का जोर लगाएंगी। हालांकि इस मैदान में भारत का पलड़ा भारी है। इस सीरीज में भारत एक भी मैच नहीं हारा है। टीम इंडिया ने पहले सेमीफाइनल में आॅस्ट्रेलिया को 4 विकेट से हराया था किया था। वहीं कीवी टीम ने दूसरे सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका पर 50 रनों से जीत हासिल की थी। टीम इंडिया इस मैदान में मेजबान पाकिस्तान को भी धूल चटा चुकी है।
चैम्पियंस ट्रॉफी फाइनल में उसी मैदान में खेला जा रहा है। जिसमें भारत ने पाकिस्तान न्यूजीलैंड और आस्ट्रेलिया जैसी धुरंधर टीमों को शिकस्त दी है। ऐसे में पिच के धीमे और सुस्त होने की उम्मीद है, जिससे स्पिनरों को निश्चित तौर पर मदद मिलेगी। कहने का मतलब यह है कि जो टीम इस मुकाबले में स्पिनर्स को बेहतरीन ढंग से टैकल करेगी, उसकी जीत आसान हो जाएगी। दोनों के बीच पिछले छह वनडे मुकाबलों में टीम इंडिया ने लगातार छह जीत हासिल की है। यह सिलसिला 18 जनवरी 2023 को शुरू हुआ था जो अब तक जारी है। सेमीफाइनल में भारत ने वनडे विश्व चैंपियन आॅस्ट्रेलिया पर चार विकेट की जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह पक्की की थी, जबकि ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर रहने वाले 2000 के विजेता न्यूजीलैंड ने लाहौर में दक्षिण अफ्रीका को हराया था।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पिछले 10 वनडे मैचों के परिणाम
मैच परिणाम स्थान तारीख
1 भारत 44 रन से जीता दुबई 2 मार्च 2025
2 भारत 70 रन से जीता वानखेड़े 15 नवंबर 2023
3 भारत 4 विकेट से जीता धर्मशाला 22 अक्तूबर 2023
4 भारत 90 रन से जीता इंदौर 24 जनवरी 2023
5 भारत 8 विकेट से जीता रायपुर 21 जनवरी 2023
6 भारत 12 रन से जीता हैदराबाद 18 जनवरी 2023
7 बेनतीजा क्राइस्टचर्च 30 नवंबर 2022
8 बेनतीजा हैमिल्टन 27 नवंबर 2022
9 न्यूजीलैंड 7 विकेट से जीता आॅकलैंड 25 नवंबर 2022
10 न्यूजीलैंड 5 विकेट से जीता माउंट माउंगानुई 11 फरवरी 2020
भारत और न्यूजीलैंड का फाइनल तक का सफर
भारत और न्यूजीलैंड पहले ही ग्रुप चरण में एक बार आमने-सामने हो चुके हैं, जहां भारत ने 44 रन से जीत हासिल की थी। इसके अलावा टीम इंडिया ने पाकिस्तान और बांग्लादेश को छह-छह विकेट से हराया था। इसके बाद मेन इन ब्लू ने सेमीफाइनल में आॅस्ट्रेलिया को चार विकेट से शिकस्त दी थी। दूसरी तरफ न्यूजीलैंड ने ग्रुप चरण में भारत से मिली हार के बाद जोरदार वापसी की थी। इसके अलावा कीवियों ने पाकिस्तान को 60 रन और बांग्लादेश को पांच विकेट से हराया था। न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 50 रन की जीत दर्ज की। दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में दोनों टीमों के बीच ग्रुप स्टेज के बाद यह दूसरी भिड़ंत होगी। भारत ने हाल के मैचों में भी न्यूजीलैंड पर दबदबा बनाया है। भारत ने दोनों टीमों के बीच पिछले छह वनडे में जीत हासिल की है। न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ पिछला वनडे 25 नवंबर 2022 को जीता था। तब आॅकलैंड में कीवियों ने भारतीय टीम को सात विकेट से हराया था।
चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल का इतिहास
यह दूसरी बार होगा जब भारत और न्यूजीलैंड चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भिड़ेंगे। इससे पहले साल 2000 में न्यूजीलैंड ने भारत को खिताबी मुकाबले में चार विकेट से हराकर अपना पहला आईसीसी खिताब जीता था। ब्लैक कैप्स उस उपलब्धि को दोहराना चाहेगा, जबकि भारत उस नुकसान का बदला लेने के लिए उत्सुक होगा। तब नैरोबी में खेले गए फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में छह विकेट गंवाकर 264 रन बनाए थे। कप्तान सौरव गांगुली ने 117 रन, सचिन तेंदुलकर ने 69 रन की पारी खेली थी। जवाब में स्टीफन फ्लेमिंग की न्यूजीलैंड टीम ने 49.4 ओवर में छह विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया था। क्रिस केयर्न्स ने नाबाद 102 रन और क्रिस हैरिस ने 46 रन की पारी खेली थी। रोजर ट्वोज ने 31 रन और नाथन एसल ने 37 रन बनाए थे।