पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन हुए हत्याकांड के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। रविवार को नगर निगम और प्रशासन की टीम ने मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल उमरदीन के घर के अवैध हिस्से को तोड़ने की कार्रवाई की। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर और हथौड़ों से अवैध निर्माण को गिराया गया।
कार्रवाई के दौरान इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने। प्रशासन का कहना है कि अवैध निर्माण के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। इसके साथ ही पुलिस ने मामले में एक और गिरफ्तारी भी की है। इसके साथ ही अब तक आठ गिरफ्तारी हो चुकी हैं।
उत्तम नगर की जेजे कॉलोनी में 4 मार्च को होली के दौरान दो पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद हो गया था। बताया गया कि एक बच्ची द्वारा फेंका गया पानी से भरा गुब्बारा सड़क पर फट गया, जिससे पास से गुजर रही महिला के कपड़ों पर रंग पड़ गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और बाद में झगड़ा हिंसक हो गया।
आरोप है कि इसी विवाद के बाद 26 वर्षीय तरुण कुमार पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल तरुण को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार इस मामले में उमरदीन (49), जुम्मादीन (36), कमरुद्दीन (36), मुस्ताक (46), मुजफ्फर (25) और ताहिर (18) समेत नाबालिग और एक अन्य को रविवार को गिरफ्तार किया गया है।
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई थी और लोगों ने आरोपियोंृ की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया था। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।



