भोपाल/पचमढ़ी। सतपुड़ा के वादियों में आयोजित हो रहे भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग का सोमवार को समापन हो गया है। प्रशिक्षण वर्ग के समापन कार्यक्रम में केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भाजपा सांसदों, विधायकों और मंत्रियों की क्लास ली और मर्यादा का पाठ पढ़ाया। वहीं कई केंद्रीय मंत्रियों समेत बीजेपी के दिग्गज नेताओं ने भी मार्गदर्शन किया।
प्रशिक्षण वर्ग के समापन समारोह को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह कहा कि सभी सांसद और विधायक हमेशा संगठन से जुड़े रहें, क्योंकि संगठन तब भी था, जब सत्ता नहीं थी। कार्यकतार्ओं को सम्मान दें और उनकी बात सुनें, क्योंकि भाजपा की असली ताकत जनता का भरोसा और कार्यकर्ताओं का परिश्रम ही है। जनता की सेवा हमारे डीएनए में है, हम जनसेवक हैं शासक नहीं है। जनता का भरोसा और कार्यकर्ताओं का परिश्रम ही भाजपा की असली ताकत है। जनता का भरोसा जीतें और हर संकट के समय सबसे पहले जनता के बीच पहुंचें। अपनी सोच को बड़ा रखिए, अपनी दृष्टि को बड़ा कीजिए। महापुरूषों की विचारधारा को आगे बढ़ाकर राष्ट्र निर्माण का कार्य करें।
रक्षा मंत्री ने कहा कि हमारा उद्देश्य सत्ता प्राप्ति नहीं, जनता की सेवा है, इसलिए हमने अपने विचारों से कभी समझौता नहीं किया। हमारी कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं इसलिए भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी। हमारे लिए राष्ट्र निर्माण और विचारधारा सबसे प्रथम है। मध्यप्रदेश का आदर्श कार्यकर्ता है, कभी मर्यादाएं नहीं तोड़ता है। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण वर्ग आप सभी के लिए पार्टी की वैचारिक यात्रा को समझने और आत्मसात, आत्मचिंतन करने का अवसर है।
राजनाथ सिंह जी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज जहां पहुंची है, उसमें हमारे पूर्वजों का अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान रहा है। पं.दीनदयाल जी ने हमें एकात्म मानववाद दिया, अटलजी ने हमें संयम सिखाया और श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे जी के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। सभी जनप्रतिनिधियों को जनसेवा को सबसे बड़ी साधना बनाना है। यह प्रशिक्षण वर्ग इसी संकल्प को पुष्ट करने के लिए है। उन्होंने कहा कि हमारी परंपरा राष्ट्र प्रथम की रही है। पं. दीनदयाल जी चुनाव हार गए, लेकिन उन्होंने अपने विचारों, सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। आप कभी ऐसा आश्वासन न दें, जो पूरा न किया जा सकता हो और सिद्धांतों से समझौता न करें।
यह बोल सीएम मोहन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा संगठन द्वारा सरकर का या संगठन का जो भी दायित्व हम कार्यकर्ताओं को सौंपा जाता है, हम लोग उसे पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ पूर्ण करते हैं। व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण की परम्परा एक ऐसी प्रक्रिया है, जिसमें व्यक्ति के चरित्र, मूल्यों और क्षमताओं का विकास करके राष्ट्र के निर्माण में योगदान दिया जाता है। यह प्रक्रिया व्यक्ति को समाज में एक जिम्मेदार नागरिक बनाती है और व्यक्ति राष्ट्र निर्माण में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जब व्यक्ति अपने चरित्र, मूल्यों और क्षमताओं का विकास करते हैं, तो वे समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में मदद कर सकते हैं।
सीएम ने कहा कि मध्यप्रदेश में कुशाभाऊ ठाकरे, भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी एवं स्वर्गीय राजमाता सिंधिया ने अलग पहचान बनाकर पार्टी के विस्तार में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने आॅपरेशन सिंदूर के माध्यम से आंतकवाद को नेस्तानाबूत करके दुनिया में एक अलग पहचान बनाई है। भाजपा ने विकास से लेकर विरासत को संजोया है, हमने इंदौर व पंचमढ़ी में कैबिनेट बैठक आयोजित की। मध्यप्रदेश ने अनेकों निवेश के अवसर खोजे हैं। मध्यप्रदेश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में निरंतर आगे बढ़ रहा है।