नयी दिल्ली। आईपीएल-2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की जीत का जश्न मातम में बदल गया है। भगदड़ में अब तक जहां 11 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 30 से अधिक घायल बताए जा रहे हैं। बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में मची भगदड़ से हुई मौतों को लेकर भाजपा ने कर्नाटक की कांग्रेस सरकार को अपने निशाने पर ले लिया है। भाजपा कर्नाटक प्रदेश अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने मांग की है कि मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और गृह मंत्री जी. परमेश्वर इस घटना की जिम्मेदारी लें।
बीवाई विजयेंद्र ने सिद्धरमैया सरकार पर पुलिस पर दबाव डालने तथा बिना किसी तैयारी और पर्याप्त पुलिस तैनाती के समारोह आयोजित करने का आरोप लगाया। विजयेंद्र ने बेंगलुरु में कहा, क्या तैयार रहना राज्य सरकार की जिम्मेदारी नहीं है? क्या उन्हें पता नहीं था कि लाखों लोग समारोह में आएंगे? केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने इस घटना के लिए कर्नाटक सरकार को जिम्मेदार ठहराया और जवाबदेही तय करने की मांग की।
वहीं भाजपा सांसद जोशी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, खराब योजना और भीड़ के कुप्रबंधन के कारण इस तरह का नुकसान देखना दिल दहला देने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्नाटक की राज्य सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाने में स्पष्ट रूप से विफल रही है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए लोगों की जान जाने के लिए राज्य प्रायोजित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया।
उन्होंने कहा, जश्न का माहौल त्रासदी में तब्दील हो गया है… गृह मंत्री (जी. परमेश्वर) को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। मुख्यमंत्री (सिद्धरमैया) को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। पूनावाला ने आरोप लगाया, यह राज्य प्रायोजित लापरवाही, राज्य प्रायोजित असंवेदनशीलता, राज्य प्रायोजित हत्या से कम नहीं है। भाजपा के एक अन्य राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कर्नाटक सरकार पर आपराधिक लापरवाही का आरोप लगाया।