बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। नितिन नबीन जेपी नड्डा की जगह लेंगे।
भाजपाके इस कदम को बिहार की राजनीति के साथ राष्ट्रीय राजनीति में नई रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। केंद्रीय नेतृत्व ने उनके संगठनात्मक अनुभव, जमीनी पकड़ और प्रशासनिक क्षमता को देखते हुए ये अहम जिम्मेदारी सौंपी है।
भाजपाकी ओर से जारी बयान के अनुसार, “भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। उपरोक्त नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।”
पीएम मोदी ने दी बधाई
पीएम मोदी ने भाजपा का नए कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर नितिन नबीन को दी बधाई। एक्स पर पीएम ने लिखा, “नितिन नबीन जी ने एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। वे एक युवा और परिश्रमी नेता हैं, जिनके पास संगठन का अच्छा-खासा अनुभव है। बिहार में विधायक और मंत्री के रूप में उनका कार्य बहुत प्रभावी रहा है, साथ ही जनआकांक्षाओं को पूरा करने के लिए उन्होंने पूरे समर्पण भाव से काम किया है। वे अपने विनम्र स्वभाव के साथ जमीन पर काम करने के लिए जाने जाते हैं।”
पीएम ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि उनकी ऊर्जा और प्रतिबद्धता आने वाले समय में हमारी पार्टी को और अधिक सशक्त बनाएगी। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर उन्हें हार्दिक बधाई।
4 बार के विधायक और बिहार सरकार में मंत्री
नितिन नबीन की बात करें तो वो बिहार की राजनीति का जाना-पहचाना नाम हैं। 4 बार के विधायक नितिन मौजूदा बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री हैं। बांकिपुर विधानसभा क्षेत्र से लगातार चार बार जीत हासिल करने वाले नितिन नबीन ने अपने पिता की राजनीतिक विरासत को बखूबी आगे बढ़ाया है। उन्होंने सरकार और संगठन दोनों में अहम भूमिका निभाई है।



