एयर इंडिया की दिल्ली से लंदन जा रही एक फ्लाइट को गुरुवार को बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा। तकनीकी समस्या के कारण विमान लगभग 7 घंटे हवा में उड़ता रहा।
उड़ान के बीच अचानक आई तकनीकी गड़बड़ी ने एक इंटरनेशनल सफर को बीच में ही रोक दिया। दरअसल लंदन हीथ्रो जा रहा एयर इंडिया का एयरबस A350 विमान गुरुवार को बीच सफर से वापस लौट आया। यह फ्लाइट करीब 7 घंटे तक हवा में रहने के बाद तकनीकी खराबी के कारण एहतियातन दिल्ली वापस लौट आई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विमान हीथ्रो एयरपोर्ट की ओर जा रहा था, लेकिन उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या सामने आने पर पायलट ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वापस लौटने का फैसला किया। विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली में लैंड कर गया और सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
एयरलाइन की ओर से कहा गया है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और तकनीकी गड़बड़ी का पता चलते ही मानक सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया गया। फिलहाल विमान की जांच की जा रही है और यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।
पहले भी इस फ्लाइट में आई थी तकनीकी खराबी
सूत्रों के अनुसार, यही A350-900 विमान (VT-JRF) 15 मार्च को भी तकनीकी समस्या का सामना कर चुका है, जिसके चलते न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही उड़ान को आयरलैंड के शैनन शहर की ओर डायवर्ट करना पड़ा था।
एयर इंडिया ने क्या कहा?
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि दिल्ली से लंदन जा रही फ्लाइट AI111 को संदिग्ध तकनीकी खराबी के चलते एहतियातन वापस दिल्ली लाया गया। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया और सभी आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया।



