मध्य प्रदेश सरकार ने हाल ही में एक जिले अलीराजपुर का नाम बदलकर आलीराजपुर कर दिया, अब दूसरे जिले का नाम बदलने की तैयारी चल रही है। मध्य प्रदेश शासन की ओर से अधिकृत जानकारी दी गई है कि जिला कटनी का नाम बदल दिया जाएगा।
मध्य प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि, पिछले दिनों माइनिंग कॉन्क्लेव के माध्यम से कटनी जिले में 56 हजार करोड़ रुपए का निवेश आया है। यहां व्यापार-व्यवसाय की संभावनाएं बन रही है, जिससे गरीब, युवा और किसानों की जिंदगी बदलेगी।
कटनी में कोयला, लाइमस्टोन और क्रिटिकल मिनरल्स का भंडार है। अब तो यहां सोना भी मिलने वाला है। कटनी कनकपुरी बनेगा। साथ ही प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन गुरुवार को कटनी के बड़वारा में विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि कटनी का नया नाम “कनकपुर” होगा। इसलिए यह भी जानना जरूरी है कि, कनकपुर का मतलब क्या होता है और कहीं इसमें तो कोई विवाद नहीं है।
इस नाम में “पुर” का अर्थ है नगर अथवा शहर, और “कनक” का अर्थ है सोना अथवा गोल्ड। इस प्रकार कनकपुर का अर्थ हुआ “सोने का शहर”। क्योंकि यहां पर खनिज प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं और प्रत्येक खनिज को किसी ने किसी प्रकार का सोना माना जाता है। इस दृष्टि से “कनकपुर” उचित प्रतीत होता है।