बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में शुक्रवार सुबह एक को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। जिले के घाट क्षेत्र खेतिया-पाटी रोड पर यात्रियों से भरी एक बस पलट गई है। इस हादसे में जहां एक महिला की मौत हो गई है, वहीं 30 से अधिक मुसाफिर घायल हुए हैं। सभी घायल यात्रियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बस में लगभग 45 यात्री सवार थे, जो नर्मदा परिक्रमा के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि घाट क्षेत्र में अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गई। जानकारी के अनुसार बस इंदौर से ओंकारेश्वर होते हुए बड़वानी के रास्ते महाराष्ट्र के प्रकाशा की ओर जा रही थी। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की भीड़ भी जुट गई, जिन्होंने बस सवार यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। दो यात्री बस में दब गए, जिन्हें क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया।
प्रशासन ने आसपास के अस्पतालों में भेजा इमरजेंसी अलर्ट
बस हादसे की सूचना मिलने के बाद खेतिया, पानसेमल और पाटी थाना पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने बचाव अभियान चलाया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस में बैठाया और अस्पताल के लिए भेजा। 30 से अधिक लोगों के घायल होने की स्थिति में प्रशासन ने आसपास के अस्पताल में इमरजेंसी अलर्ट भेजा। घायलों में कई महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल बताए जा रहे हैं। अभी मृतक और घायलों की पहचान सामने नहीं आई है।


 
                                    
